बैठक में निर्देश देते जिलाधिकारी शुभ्रान्त कुमार शुक्ल
करंट विज़न संवाददाता
इटावा। जिलाधिकारी शुभ्रान्त कुमार शुक्ल एवं अपर पुलिस अधीक्षक अभयनाथ त्रिपाठी की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक कलेक्ट्रेट स्थित नवीन सभागार में आयोजित की गई।बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि चिन्हित ब्लैक स्पॉट सहित सभी दुर्घटना संभावित स्थलों पर तत्काल प्रभाव से आवश्यक सुरक्षा उपाय सुनिश्चित किए जाएं तथा साइन बोर्ड अनिवार्य रूप से स्थापित किए जाएं। उन्होंने कहा कि एक्सप्रेसवे पर किसी भी प्रकार की अवैध पार्किंग पूर्णतः प्रतिबंधित रहे। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को प्रभावी प्रवर्तन कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा दुर्घटना संभावित स्थलों पर “कृपया धीमे चलें, आगे खतरा है” जैसे चेतावनी संदेशयुक्त साइन बोर्ड लगाए जाने के निर्देश दिए, जिससे वाहन चालकों को पूर्व सूचना प्राप्त हो सके एवं सड़क दुर्घटनाओं में प्रभावी कमी लाई जा सके। उन्होंने कहा कि हाई स्पीड व शराब के नशे में वाहन न चलाएं। उन्होंने कहा कि पीएम राहत के अंतर्गत दुर्घटनाग्रस्त व्यक्ति का इलाज चिन्हित अस्पतालों में कराया जाए, योजनान्तर्गत दुर्घटनाग्रस्त व्यक्ति का 1.5 लाख तक का मुफ्त इलाज किया जाएगा। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि राष्ट्रीय राजमार्ग पर प्रत्येक सड़क दुर्घटना की सूचना पर एनएचएआई के अधिकारी तत्काल घटनास्थल का निरीक्षण कर दुर्घटना के कारणों का परीक्षण करें तथा आवश्यक सुधारात्मक कार्यवाही सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि यदि किसी एक ही स्थान पर बार-बार दुर्घटनाएं हो रही हैं, तो इसे गंभीरता से लेते हुए तत्काल प्रभावी समाधान किया जाए। इस संबंध में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा के संबंध में मुख्यमंत्री द्वारा नियमित समीक्षा की जा रही है। सभी संबंधित विभाग निर्धारित समयसीमा में आवश्यक कार्य पूर्ण करना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि ड्राइवरों का पुलिस वेरिफिकेशन अवश्य कराया जाए। उन्होंने सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक को निर्देश दिए कि रोडवेज बसों में यात्रियों के मध्य ‘जहरखुरानी से सावधान रहें’ संबंधी जनजागरूकता पंपलेट वितरित कराए जाएं, जिससे यात्रियों को जागरूक किया जा सके। बैठक में सीओ ट्रैफिक राम गोपाल शर्मा, एआरटीओ प्रशासन प्रवर्तन हुमा परवीन, एआरटीओ प्रदीप देशमणि, यातायात प्रभारी, एसीएमओ, एआरएम अमित सिंह, पीडब्लूडी विभाग सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
