बैठक में निर्देश देते जिलाधिकारी शुभ्रांत कुमार शुक्ल
करंट विज़न संवाददाता
इटावा। जिलाधिकारी शुभ्रांत कुमार शुक्ल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित नवीन सभागार में मुख्यमंत्री डैशबोर्ड राजस्व से संबंधित कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। समीक्षा के दौरान एमओयू मॉनिटरिंग में जनपद की जिला रैंक मार्क्स 6/10 तथा प्रोजेक्ट में जनपद की रैंक 52/75 पाए जाने पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों से नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि रैंकिंग में अपेक्षित सुधार क्यों नहीं हो रहा है। उन्होंने कहा कि यदि लगातार एक ही रैंक बनी हुई है तो इसका स्पष्ट कारण पता कर प्रभावी ढंग से कार्य किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि केवल कागजी प्रगति न हो, बल्कि वास्तविक कार्य करते हुए उसकी प्रगति पोर्टल पर भी समय से अपडेट की जाए। प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) में जनपद की प्रोजेक्ट में जनपद रैंक 62/75, आईएमएसएस के अनुसार प्रवर्तन कार्यों की समीक्षा के दौरान जिला रैंक मार्क्स 6/10 पाए जाने पर जिलाधिकारी ने कहा कि प्रवर्तन कार्यों में तेजी लाई जाए और किए गए कार्यों को मुख्यमंत्री डैशबोर्ड/पोर्टल पर अनिवार्य रूप से अपडेट किया जाए। जिलाधिकारी ने कहा कि मुख्यमंत्री डैशबोर्ड सरकार की प्राथमिकताओं एवं विभागीय कार्यों की प्रगति का महत्वपूर्ण मानक है। इसलिए किसी भी विभाग द्वारा इसे केवल औपचारिकता के रूप में न लिया जाए।उन्होंने विशेष रूप से मंडी परिषद, उद्योग विभाग, खनन विभाग, परिवहन विभाग सहित सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि मुख्यमंत्री डैशबोर्ड पर अपने-अपने बिंदुओं की समीक्षा कर कमियों को दूर करें। बैठक में अपर जिलाधिकारी बिपिन कुमार, अपर जिलाधिकारी न्यायिक संदीप श्रीवास्तव, उपायुक्त उद्योग आत्मदेव शर्मा, खनन अधिकारी, जिला पूर्ति अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
