
करंट विज़न संवाददाता
इमरान खान
इटावा। संगठन सृजन अभियान के तहत कांग्रेस का चार सदस्यीय राष्ट्रीय प्रेक्षक दल इटावा पहुंचा। दिल्ली से स्वर्ण शताब्दी एक्सप्रेस द्वारा पहुंचे एआईसीसी ऑब्जर्वर एवं राष्ट्रीय सचिव रामकृष्ण ओझा, पीसीसी ऑब्जर्वर प्रकाश प्रधान, मदनमोहन शुक्ला तथा पंजाब कांग्रेस कमेटी के महामंत्री वरिंदर सिंह का रेलवे स्टेशन पर कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया।
इसके बाद कांग्रेस कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में रामकृष्ण ओझा ने संगठन सृजन अभियान और आगामी 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पूरे उत्तर प्रदेश में जनपद स्तर पर नए जिला अध्यक्षों के चयन की प्रक्रिया चल रही है।
उन्होंने कहा कि प्रेक्षक दल इटावा में आगामी तीन से चार दिनों तक प्रवास करेगा। इसके बाद करीब पांच दिनों के दूसरे प्रवास के दौरान शहर, विकासखंड और बूथ स्तर तक पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से संवाद किया जाएगा।
प्रेस वार्ता में कांग्रेस नेताओं ने भाजपा सरकार पर विभिन्न राजनीतिक आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि युवाओं, छात्रों, बेरोजगारों, महिलाओं और वंचित वर्गों के बीच कांग्रेस के प्रति उम्मीद बढ़ रही है।
प्रेस वार्ता के बाद जिला अध्यक्ष आशुतोष दीक्षित और शहर अध्यक्ष मोहम्मद राशिद के संयुक्त नेतृत्व में संगठन सृजन अभियान के प्रेक्षकों ने जनपद के पदाधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में कांग्रेस संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने तथा आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।
2027 विधानसभा चुनाव से पहले इटावा में कांग्रेस संगठन को मजबूत करने की कवायद तेज होती नजर आ रही है।
