माध्यमिक शिक्षक संघ ने जिला विद्यालय निरीक्षक पर दिया धरना

जिला विद्यालय निरीक्षक को सौंपा ज्ञापन

करंट विज़न संवाददाता

इटावा। माध्यमिक शिक्षक संघ ने विभिन्न मांगों को लेकर जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय परिसर में धरना दिया जिसकी अध्यक्षता जिलाध्यक्ष बदन सिंह कुशवाह व संचालन जिला मंत्री प्रो. योगेश कुमार वर्मा ने किया। धरने के बाद शिक्षकों ने जिला विद्यालय निरीक्षक को ज्ञापन सौंपकर लंबित मांगों के जल्द निस्तारण की मांग की। धरने को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष बदन सिंह कुशवाह और प्रदेशीय संगठन मंत्री विनोद चंद्र वर्मा ने कहा कि सरकार शिक्षकों के हित में पुरानी पेंशन व्यवस्था लागू करे। उन्होंने स्नातक वेतन क्रम में कार्यरत शिक्षकों को प्रोन्नत वेतनमान देने के लिए परास्नातक की उपाधि की अनिवार्यता समाप्त करने की मांग भी उठाई।
जिला मंत्री प्रो. योगेश कुमार वर्मा ने कहा कि कोरोना काल में 18 माह तक रोका गया महंगाई भत्ता शिक्षकों को दिया जाना चाहिए। कोषाध्यक्ष प्रेम सिंह वर्मा ने परिवार कल्याण प्रोत्साहन वेतन को दोबारा बहाल करने की मांग रखी। उन्होंने कहा कि शिक्षकों को मिलने वाली इस सुविधा को फिर से लागू किया जाना चाहिए ताकि उन्हें आर्थिक राहत मिल सके। संरक्षक टीएन अग्निहोत्री ने अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों के सीटी शिक्षकों की सेवाओं को जोड़कर एलटी का चयन वेतनमान और प्रोन्नत वेतनमान दिए जाने का मुद्दा उठाया। वक्ताओं ने सरकार से पुरानी पेंशन, महंगाई भत्ता, वेतनमान समेत अन्य लंबित मांगों पर शीघ्र निर्णय लेने की अपील की। धरने में माध्यमिक शिक्षक संघ के पदाधिकारियों के साथ बड़ी संख्या में शिक्षक मौजूद रहे। जिला विद्यालय निरीक्षक को ज्ञापन देते शिक्षक।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *