पोस्टर प्रतियोगिता का अवलोकन करते प्राचार्य डा. महेंद्र सिंह
करंट विज़न संवाददाता
इटावा। हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत कर्म क्षेत्र महाविद्यालय में छात्र-छात्राओं में राष्ट्रप्रेम, देशभक्ति एवं रचनात्मक अभिव्यक्ति की भावना को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से निबंध एवं पोस्टर प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि एवं महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. महेंद्र सिंह ने प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने वाले छात्र-छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि युवा शक्ति राष्ट्र की सबसे बड़ी पूंजी है। युवाओं में प्रतिभा, ऊर्जा और नई सोच का अद्भुत समन्वय होता है। राष्ट्र निर्माण केवल सरकारों का दायित्व नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक और विशेष रूप से युवाओं की सक्रिय भागीदारी से ही संभव है। प्रतियोगिता में पुरस्कार प्राप्त करना महत्वपूर्ण है, लेकिन उससे भी अधिक महत्वपूर्ण है पूरे उत्साह के साथ प्रतिभाग करना और अपनी प्रतिभा को निरंतर निखारना। निबंध प्रतियोगिता का विषय “राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका” तथा पोस्टर प्रतियोगिता का विषय “स्वतंत्रता आंदोलन के नायक” रखा गया।पोस्टर प्रतियोगिता में प्रथम स्थान अमीषा पटेल, द्वितीय स्थान जेबा, तृतीय स्थान दिव्यांशी वर्मा, निबंध प्रतियोगिता में प्रथम स्थान साक्षी पाल, द्वितीय स्थान शिवानी तृतीय स्थान गायत्री एवं भावना धनगर ने प्राप्त किया।निबंध प्रतियोगिता के निर्णायक डॉक्टर सुजीत कुमार एवं पोस्टर प्रतियोगिता के निर्णायक प्रोफेसर साजिया अख्तर डॉ सनोज कुमार एवं डॉक्टर जी एस गुप्ता रहे। निबंध प्रतियोगिता के प्रभारी डॉक्टर जी एस गुप्ता एवं सह प्रभारी डॉक्टर अजीत कांत दीक्षित तथा पोस्टर प्रतियोगिता के प्रभारी डॉक्टर शिमला तहसील व सह प्रभारी डॉक्टर नमिता पांडे रहीं। कार्यक्रम की संयोजक प्रो. पदमा त्रिपाठी रहीं। आयोजन में डॉ. प्रदीप कुमार एवं डॉ. संदीप का विशेष सहयोग रहा। इस मौके पर कर्मचारियों में विशेष रूप से आशीष पटेल,बंटू, हरिओम मौजूद रहे। मुख्य अनुशासन अधिकारी प्रो. सुनील सिंह सेंगर की विशेष उपस्थिति रही।
