
करंट विज़न संवाददाता
इमरान खान
इटावा में लोहिया वाहिनी के महामंत्री रेशु चौधरी के खिलाफ हुई पुलिस कार्रवाई के विरोध में शुक्रवार को समाजवादी पार्टी के नेता और कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में सपाई पहले वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे, लेकिन एसएसपी से मुलाकात नहीं हो सकी। इसके बाद सभी नेता और कार्यकर्ता जिलाधिकारी कार्यालय पहुंच गए।
डीएम कार्यालय के बाहर सपाइयों ने जमकर नारेबाजी की और जिलाधिकारी से मौके पर आकर ज्ञापन लेने की मांग की। इस दौरान काफी देर तक हंगामे और राजनीतिक गहमागहमी का माहौल बना रहा।
बाद में सपा जिलाध्यक्ष और पूर्व जिलाध्यक्ष के नेतृत्व में पार्टी नेताओं का प्रतिनिधिमंडल जिलाधिकारी से मिला। प्रतिनिधिमंडल ने रेशु चौधरी के खिलाफ हुई पुलिस कार्रवाई को लेकर ज्ञापन सौंपते हुए मामले की निष्पक्ष जांच और उचित कार्रवाई की मांग की।
प्रदर्शन के चलते डीएम कार्यालय के बाहर काफी देर तक राजनीतिक सरगर्मी बनी रही।
