किन्नर अधिकारों को लेकर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने लगाया जागरूकता शिविर

 जागरूकता शिविर में मौजूद अधिकार मित्र

करंट विज़न संवाददाता

इटावा। थर्ड जेंडर के रूप में विधिक रूप से मान्य किन्नर समाज के अधिकारों एवं उनके हितार्थ किए गए प्रावधानों तथा कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण इटावा के अध्यक्ष रजत सिंह जैन एवं पूर्ण कालिक सचिव आरती द्विवेदी के आदेशानुसार तहसील सदर के अधिकार मित्रों द्वारा केके इंटर कॉलेज में एक जागरूकता शिविर लगाकर उपस्थित छात्र छात्राओं को आवश्यक जानकारी दी गई।
अधिकार मित्र ब्रजेश सिंह ने कहा कि भारत में रहने वाले प्रत्येक व्यक्ति को अपनी पहचान और सम्मान से जीने का अधिकार है, उसमें तीसरे लिंग या थर्ड जेंडर, जिन्हें हम किन्नर कहते हैं, को भी समाज में अन्य महिला पुरुष की तरह समान मौलिक अधिकार मिले हुए हैं और उनके कल्याणार्थ देश तथा विभिन्न राज्यों में अनेक योजनाएं चलाई जा रही हैं। अधिकार मित्र डॉ. ज्योति वर्मा ने बच्चों को जागरूक करते हुए कहा कि किन्नर समाज को वर्ष 1992 में थर्ड जेंडर की मान्यता देकर उन्हें भी मतदान करने का अधिकार दिया गया और इसके बाद ‘ स्माइल योजना ‘ तथा ‘ गरिमा गृह जैसी कल्याणकारी योजनाएं चलाकर उन्हें ‘शिक्षा, रोजगार, स्वास्थ्य, पुनर्वास, पेंशन, भत्ता आदि की सुविधाओं से जोड़ा गया है ताकि वे भी समाज में समानता के साथ बिना किसी भेदभाव अपना जीवनयापन कर सकें। शिविर में वरिष्ठ अधिकार मित्र सुभाष चंद्र यादव का विशेष मार्गदर्शन रहा। इसके अलावा अन्य अधिकार मित्रों में संतोष त्रिवेदी, सुधीर मिश्र, मनीष कुमार, गायत्री, अर्चना, राजवीर आदि विशेष रूप से उपस्थित रहे। सभी पीएलवीज ने केके इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य प्रवेंद्र सिंह को शिविर व्यवस्था बनाने के लिए धन्यवाद दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *