पान कुंवर इंटरनेशनल स्कूल को लगातार दूसरी बार मिली मेजबानी
करंट विज़न संवाददाता
इटावा। महात्मा ज्योतिबा फुले स्पोर्ट्स स्टेडियम में मंगलवार को सीबीएसई ईस्ट ज़ोन खो-खो प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता का आयोजन पान कुंवर इंटरनेशनल स्कूल द्वारा लगातार दूसरी बार किया जा रहा है। यह जनपद के लिए गौरव का विषय है। प्रतियोगिता का उद्घाटन मुख्य अतिथि बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने किया। उद्घाटन के पश्चात उन्होंने प्रतियोगिता का पहला टॉस कराकर मैच का शुभारंभ भी कराया। कार्यक्रम की शुरुआत मार्च पास्ट से हुई, प्रतियोगिता में लखनऊ रीजन के विभिन्न विद्यालयों से प्रतिभाग करने पहुंची सौ से अधिक टीमों ने अनुशासन, जोश और खेल भावना के साथ हिस्सा लिया। खिलाड़ियों ने हाथों में तिरंगा एवं सीबीएसई का ध्वज लेकर मार्च पास्ट किया। मुख्य अतिथि एसएसपी बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल केवल जीत और हार तक सीमित नहीं हैं, बल्कि वे विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना और संघर्ष करने की क्षमता विकसित करते हैं। पान कुंवर स्कूल के चेयरमैन डॉ. कैलाश चंद्र यादव ने कहा कि विद्यालय के लिए यह गर्व का विषय है कि उसे लगातार दूसरी बार सीबीएसई ईस्ट ज़ोन खो-खो प्रतियोगिता की मेजबानी का अवसर प्राप्त हुआ। इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों को केवल प्रतिस्पर्धा का अवसर नहीं देते बल्कि उनमें अनुशासन, नेतृत्व, आत्मविश्वास, सहयोग और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना का विकास करते हैं। प्रतियोगिता मे आगामी दिनों में विभिन्न आयु वर्गों के खिलाड़ियों के बीच रोमांचक खो-खो मुकाबले खेले जाएंगे। प्रतियोगिता 13 अगस्त तक चलेगी। इस दौरान खिलाड़ी अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए उत्कृष्ट प्रदर्शन और विजेता बनने के लिए प्रतिस्पर्धा करेंगे। उद्घाटन समारोह में विशिष्ट अतिथि डॉ. मुकेश कुमार पीईएस अधिकारी, पवन प्रताप, डॉ. धर्मेंद्र शर्मा, अभिषेक सक्सेना, अनूप मिश्रा, वेदपाठी तिवारी, भास्कर शर्मा, मनोज मिश्रा, मो. अतीक, सुनील अवस्थी, रश्मि यादव, नमिता तिवारी, प्रीती यादव, आशा अवस्थी, साधना शर्मा सहित अनेक अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। आयोजन समिति द्वारा सभी अतिथियों का स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त करते एसएसपी।
