जरूरतमंद लाभार्थियों को योजना के लाभ दिया जाये – जिलाधिकारी

समीक्षा बैठक में निर्देश देते जिलाधिकारी शुभ्रांत कुमार शुक्ल

करंट विज़न संवाददाता

इटावा। जिलाधिकारी शुभ्रांत कुमार शुक्ल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित सभागार में जनपद में संचालित विभिन्न जन कल्याणकारी योजनाओं की प्रगति एवं क्रियान्वयन की समीक्षा हेतु बैठक आयोजित की गई।
डीएम ने कहा कि शासन की कल्याणकारी योजनाओं का मुख्य उद्देश्य समाज के पात्र एवं जरूरतमंद लोगों को आर्थिक एवं सामाजिक रूप से सशक्त बनाना है। इसलिए सभी संबंधित अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि कोई भी पात्र लाभार्थी योजना के लाभ से वंचित न रहे। योजनाओं का लाभ दिलाने की प्रक्रिया में पारदर्शिता एवं समयबद्धता का विशेष ध्यान रखा जाए तथा पात्रता के आधार पर लाभार्थियों का चयन सुनिश्चित किया जाए। डीएम ने वृद्धावस्था पेंशन, निराश्रित महिला पेंशन, दिव्यांगजन पेंशन, छात्रवृत्ति, राष्ट्रीय पारिवारिक लाभ योजना, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, कन्या सुमंगला योजना, सामान्य वर्ग शादी अनुदान, मुख्यमंत्री बाल योजना, पिछड़ा वर्ग शादी अनुदान योजना सहित अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि लंबित आवेदन पत्रों का नियमानुसार शीघ्र निस्तारण किया जाए तथा किसी भी स्तर पर अनावश्यक रूप से आवेदन लंबित न रखा जाए।उन्होंने विशेष रूप से निर्देशित किया कि योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता, गुणवत्ता और जवाबदेही सुनिश्चित की जाए। ग्राम स्तर से लेकर जिला स्तर तक अधिकारियों द्वारा योजनाओं की नियमित निगरानी की जाए। उन्होंने कहा कि विभागीय अधिकारी अपने-अपने विभाग की योजनाओं की प्रगति की नियमित समीक्षा करें तथा जिन योजनाओं में लक्ष्य के सापेक्ष प्रगति कम है, उनमें विशेष अभियान चलाकर प्रगति बढ़ाई जाए। शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है।बैठक में मुख्य विकास अधिकारी संजय कुमार सिंह, आईएएस कोमल पुनिया, समाज कल्याण अधिकारी संध्या रानी बघेल, जिला प्रोबेशन अधिकारी विनय कुमार, जिला कार्यक्रम अधिकारी लक्ष्मीकांत त्रिपाठी, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी प्रदीप तिवारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *