कावड़ियों से बातचीत करते एसएसपी
करंट विज़न संवाददाता
इटावा। श्रावण मास में निकलने वाली कांवड़ यात्रा को सकुशल, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने तथा कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा एवं सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से एसएसपी बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने कांवड़ मार्ग का स्थलीय भ्रमण कर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्थाओं का जायजा लिया। एसएसपी ने कांवड़ यात्रियों से बात कर उनकी यात्रा एवं मार्ग संबंधी व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की तथा उन्हें सुरक्षित यात्रा के लिये आवश्यक सावधानियां बरतने हेतु जागरूक किया। साथ ही संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए कांवड़ मार्ग पर उनकी निर्बाध एवं सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित की जाए। कांवड़ यात्रा के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने, संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों पर सतर्क दृष्टि रखने तथा किसी भी आकस्मिक स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने हेतु आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं।एसएसपी ब्रजेश कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि जनपद पुलिस कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने हेतु पूर्ण सतर्कता एवं प्रतिबद्धता के साथ निरंतर कार्यरत है।
