ब्रेक फेल होने से डबल डेकर बस ढाबे में घुसी, चार यात्री घायल, एक की हालत गंभीर

करंट विज़न संवाददाता

इमरान खान

जसवंतनगर, 29 जुलाई। औरैया से दिल्ली जा रही एक निजी डबल डेकर बस बुधवार तड़के ब्रेक फेल होने के कारण अनियंत्रित होकर राष्ट्रीय राजमार्ग किनारे स्थित न्यू कृष्णा ढाबे में घुस गई। हादसे में चार यात्री घायल हो गए, जिनमें से एक की हालत गंभीर बताई गई है। दुर्घटना में ढाबे को भी काफी नुकसान पहुंचा।
यह हादसा मंगलवार और बुधवार की मध्यरात्रि करीब दो बजे ग्राम फुलरई के पास हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ढाबे के समीप पहुंचते ही बस के ब्रेक फेल हो गए, जिससे चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और बस टीनशेड तोड़ते हुए ढाबे के अंदर जा घुसी। बस में लगभग 50 यात्री सवार थे। हादसे के बाद यात्रियों एवं स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक कमल भाटी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। घायल अंकित (25) पुत्र सुधीर, सुधीर (50) पुत्र रंगीलाल (दोनों निवासी ग्राम पड़ी, थाना कोतवाली, जनपद औरैया), असित (4) पुत्र सोहिल तथा सोहिल (निवासी औरैया) को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जसवंतनगर भेजा गया।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक डॉ. वीरेंद्र ने प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल सुधीर को बेहतर उपचार के लिए उच्च चिकित्सा संस्थान रेफर कर दिया।
दुर्घटना में न्यू कृष्णा ढाबे के टीनशेड सहित अन्य सामान को भी नुकसान पहुंचा। थाना प्रभारी की सूचना पर हाईवे इंसिडेंट मैनेजर सुनीत चौहान हाइड्रा मशीन के साथ मौके पर पहुंचे और दुर्घटनाग्रस्त बस को हटवाकर यातायात सुचारु कराया। पुलिस ने बस को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *