उप निदेशक पंचायत कानपुर मण्डल ने दिया प्रशिक्षण
करंट विज़न संवाददाता
इटावा। मुख्य विकास अधिकारी, अनिल कुमार सिंह की अध्यक्षता में राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान अंतर्गत जनपद के जिला क्रियान्वयन एवं समन्वयन समिति सदस्यों, समस्त खण्ड विकास अधिकारी, समस्त सहायक विकास अधिकारी का पंचायत डेवलपमेंट प्लान विषयक एक दिवसीय जनपद स्तरीय प्रशिक्षण का आयोजन विकास भवन स्थित प्रेरणा सभागार में किया गया। मुख्य विकास अधिकारी ने प्रशिक्षण के संबंधित अधिकारियों को विस्तार पूर्वक जानकारी दी। उन्होंने बताया कि ग्राम पंचायत विकास योजना ग्राम पंचायत स्तर पर तैयार की जाने वाली एक सहभागी विकास योजना है, जिसका उद्देश्य ग्राम सभा के सदस्यों की सक्रिय भागीदारी के माध्यम से गांव की आवश्यकताओं एवं प्राथमिकताओं के अनुरूप समग्र विकास सुनिश्चित करना है। योजना के अंतर्गत सड़क, पेयजल, विद्युत, शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं से संबंधित कार्यों को प्राथमिकता दी जाती है। उन्होंने बताया कि इस योजना के प्रभावी क्रियान्वयन में स्वास्थ्य, बाल विकास एवं पुष्टाहार, बाल संरक्षण, कृषि, राजस्व, समाज कल्याण, ग्राम्य विकास, स्वरोजगार, उद्यान, जल निगम, शिक्षा, पशुपालन, लघु सिंचाई, सामाजिक वानिकी, श्रम, खाद्य एवं दिव्यांगजन सशक्ती करण सहित विभिन्न विभागों की महत्वपूर्ण भूमिका रहती है। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत विकास योजना का मूल उद्देश्य प्रत्येक ग्राम पंचायत को आत्मनिर्भर, समृद्ध, स्वच्छ एवं विकसित बनाना है। इसके लिए ग्रामवासियों की सक्रिय सहभागिता, विभिन्न विभागों के समन्वित प्रयास तथा योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन से गांवों में समग्र एवं सतत विकास का मार्ग प्रशस्त किया जा सकता है। उप निदेशक पंचायत कानपुर मण्डल कानपुर द्वारा विस्तार से प्रशिक्षण दिया गया। जिला विकास अधिकारी राकेश प्रसाद, पीडी अनिल कुमार सिंह, एएमए जिला पंचायत स्वाती जैन, जिला पंचायत राज अधिकारी रोहित कुमार, जिला कार्यक्रम अधिकारी लक्ष्मीकांत त्रिपाठी, समाज कल्याण अधिकारी संध्या रानी बघेल, पिछला वर्ग कल्याण अधिकारी प्रदीप तिवारी, समस्त खण्ड विकास अधिकारी, समस्त सहायक विकास अधिकारी सहित अन्य सम्बन्धित अधिकारी एवं कर्मचारीगण आदि उपस्थित रहे। प्रशिक्षण में उपस्थित उप निदेशक पंचायत कानपुर मण्डल, सीडीओ व अन्य।
