
करंट विज़न संवाददाता
इमरान खान
इटावा, 15 जुलाई। वामा सारथी उत्तर प्रदेश पुलिस फैमिली वेलफेयर एसोसिएशन के तत्वावधान में रिजर्व पुलिस लाइन इटावा स्थित सभागार में पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण एवं प्लास्टिक मुक्त भारत विषय पर जन-जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता वामा सारथी की अध्यक्षा श्रीमती रीना श्रीवास्तव, धर्मपत्नी वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक इटावा श्री बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने की। कार्यक्रम में पुलिस परिवार की महिलाओं, पुलिस मॉडर्न स्कूल के शिक्षक-शिक्षिकाओं, छात्र-छात्राओं तथा पुलिस विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
इस अवसर पर विद्यार्थियों ने पर्यावरण संरक्षण, जल बचाओ, प्लास्टिक मुक्त भारत तथा आरओ के अपशिष्ट जल के पुनः उपयोग जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर प्रेरक प्रस्तुतियां देकर लोगों को जागरूक किया। कार्यक्रम में उपस्थित सभी प्रतिभागियों ने ‘वामा ईको चैंप’ के रूप में शपथ लेते हुए अधिक से अधिक पौधारोपण करने, जल संरक्षण को बढ़ावा देने तथा एकल उपयोग प्लास्टिक का बहिष्कार करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के उपरांत रिजर्व पुलिस लाइन स्थित बाल उद्यान एवं पुलिस मॉडर्न स्कूल परिसर में पौधारोपण किया गया। इस दौरान अधिकारियों, पुलिस परिवार की महिलाओं एवं बच्चों ने पौधे लगाकर उनके संरक्षण एवं संवर्धन का भी संकल्प लिया।
वामा सारथी द्वारा आयोजित यह अभियान पर्यावरण संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने और समाज को हरित एवं स्वच्छ भारत के निर्माण के लिए प्रेरित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।
