बरामदे का पूजन कर शिलान्यास करतीं सदर विधायक सरिता भदौरिया
करंट विज़न संवाददाता
इटावा। जिला बार एसोसिएशन के तत्वावधान में कचहरी परिसर में हवालात के पीछे बरामदा निर्माण का भूमि पूजन एवं शिलान्यास कार्यक्रम संपन्न हुआ। मुख्य अतिथि सदर विधायक सरिता भदौरिया ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हवन पूजन कर शिलान्यास किया। इस अवसर पर जिला बार एसोसिएशन सभागार में अभिनंदन समारोह का भी आयोजन किया गया। अभिनन्दन समारोह कार्यक्रम का संचालन एडवोकेट देवेंद्र पांडेय ने किया है। डीबीए अध्यक्ष राजेश कुमार त्रिपाठी ने मंच से मुख्य अतिथि विधायक सरिता भदौरिया का स्वागत एवं अभिनंदन किया। विधायक सरिता भदौरिया ने कहा कि महिला अधिवक्ताओं को हो रही असुविधा को देखते हुए कचहरी परिसर में अत्याधुनिक टॉयलेट के निर्माण के लिए प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि महिलाओं की सहभागिता सभी पदों पर लगातार बढ़ रही है और आने वाले समय में महिला आरक्षण भी लागू होगा। सर्वमान्य पूर्व अध्यक्ष डीबीए सीनियर एडवोकेट स्वर्गीय लक्ष्मी नारायण त्रिपाठी के नाम का स्मृति द्वार बनाने के लिए एक गेट का निर्माण भी किया जाएगा। डीबीए अध्यक्ष राजेश कुमार त्रिपाठी ने कहा कि उनके निवेदन पर बरामदा निर्माण की घोषणा की गई। उन्होंने बताया कि कई बीमार अधिवक्ताओं को भी विधायक के प्रयासों से लाभ मिला है। कार्यक्रम में डीबीए महामंत्री नितिन तिवारी, कोषाध्यक्ष प्रभाकर त्रिपाठी, एडवोकेट योगेश कुमार यादव, एडवोकेट आदित्य मोहन शर्मा एवं प्रवक्ता मीडिया प्रभारी अमित तिवारी सहित कार्यकारिणी के सदस्य उपस्थित रहे।
