मिशन शक्ति फेज-5.0 : इटावा पुलिस ने छात्राओं को दी सुरक्षा की नई उड़ान

करंट विज़न संवाददाता

इमरान खान

इटावा। “सुरक्षा है अधिकार, जागरूकता है हथियार” के संदेश के साथ इटावा पुलिस द्वारा मिशन शक्ति फेज-5.0 के अंतर्गत आज जवाहर इंटर कॉलेज, चकरनगर में एक भव्य जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को आत्मनिर्भर, सुरक्षित एवं सशक्त बनाना रहा।
यह अभियान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री बृजेश कुमार श्रीवास्तव के कुशल निर्देशन में संचालित किया जा रहा है, जो महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा एवं सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हो रहा है।
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को आत्मरक्षा के विभिन्न गुर सिखाए गए तथा फिजिकल सेल्फ डिफेंस तकनीकों की जानकारी दी गई। साथ ही साइबर अपराधों से बचाव के बारे में विस्तार से बताया गया, जिसमें सोशल मीडिया का सुरक्षित उपयोग, ऑनलाइन ठगी, हनी ट्रैप, ब्लैकमेलिंग से बचाव तथा फर्जी कॉल एवं संदेशों से सतर्क रहने के उपाय शामिल रहे।
इस अवसर पर छात्राओं को महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी दी गई, जिनमें 1090 (महिला हेल्पलाइन), 112 (आपातकालीन पुलिस सेवा) एवं 1930 (साइबर क्राइम हेल्पलाइन) प्रमुख हैं। इसके अतिरिक्त सरकार द्वारा संचालित महिला सशक्तिकरण एवं कल्याणकारी योजनाओं के बारे में भी अवगत कराया गया।
इटावा पुलिस की ओर से विशेष संदेश दिया गया कि “संकोच नहीं, सतर्कता ही हमारा शस्त्र है।” किसी भी प्रकार की छेड़खानी, उत्पीड़न, धमकी या संदिग्ध गतिविधि की स्थिति में तुरंत पुलिस को सूचना देने के लिए प्रेरित किया गया।
इटावा पुलिस ने पुनः अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि वह महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं सहायता के लिए सदैव तत्पर है।
अंत में सभी से अपील की गई कि मिशन शक्ति को सफल बनाने में सहयोग करें और एक सुरक्षित एवं सशक्त समाज के निर्माण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।
जागरूक रहें, सुरक्षित रहें – यही है मिशन शक्ति का संकल्प।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *