
करंट विज़न संवाददाता
इमरान खान
जसवंतनगर, इटावा।
तहसील सभागार जसवंतनगर में शनिवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में कुल 9 शिकायतें दर्ज की गईं, लेकिन एक भी शिकायत का मौके पर निस्तारण नहीं हो सका, जिससे फरियादियों में निराशा देखने को मिली।
कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी अजय गौतम ने की। इस दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें अवैध कब्जा, खतौनी में नाम संशोधन, चकरोड पर कब्जा, खराब ट्रांसफार्मर बदलवाने तथा भूमि केंद्रों के गलत अंश निर्धारण जैसे मामले प्रमुख रूप से शामिल रहे।
मुख्य विकास अधिकारी ने सभी शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे निष्पक्ष जांच कर निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इस मौके पर एसडीएम कुमार सत्यमजीत, क्षेत्राधिकारी आयुषी सिंह, तहसीलदार अभिजीत, नायब तहसीलदार नेहा सचान, आकांक्षा मिश्रा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
