
करंट विज़न संवाददाता
इमरान खान
इटावा। जसवंतनगर नगर पालिका परिषद में विकास कार्यों में कथित अनियमितताओं को लेकर विवाद लगातार बढ़ता जा रहा है। शनिवार को करीब एक दर्जन सभासदों ने जिलाधिकारी को शिकायत पत्र सौंपकर विभिन्न वार्डों में कराए गए निर्माण कार्यों की निष्पक्ष तकनीकी जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
सभासदों का आरोप है कि नगर पालिका क्षेत्र में कई विकास कार्य स्वीकृत मानकों के विपरीत कराए गए हैं। शिकायतों के बावजूद पालिका प्रशासन द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई, जिससे जनप्रतिनिधियों में नाराजगी है।
शिकायत में वार्ड संख्या-13 सराउगी बाजार में कराए गए इंटरलॉकिंग गली एवं नाली निर्माण कार्य में घटिया सामग्री के उपयोग, तकनीकी मानकों की अनदेखी और लगभग 4.57 लाख रुपये के भुगतान पर सवाल उठाए गए हैं। सभासदों ने आरोप लगाया है कि निर्माण कार्य निर्धारित स्टिमेट के अनुरूप नहीं कराया गया।
इसी क्रम में वार्ड संख्या-22 कटरा विलोचन का मामला भी सामने आया है। आरोप है कि यहां आरसीसी सड़क का निर्माण कराए बिना ही कार्य का भुगतान निकाल लिया गया। सभासदों का कहना है कि मौके पर सड़क का निर्माण नहीं हुआ, जबकि सरकारी धन का भुगतान कर दिया गया। इसे सरकारी धन के दुरुपयोग का गंभीर मामला बताते हुए इसकी भी उच्चस्तरीय तकनीकी जांच कराने की मांग की गई है।
सभासदों ने जिलाधिकारी से मांग की है कि नगर पालिका के सभी विवादित विकास कार्यों की स्वतंत्र तकनीकी टीम से जांच कराई जाए तथा यदि अनियमितताएं और वित्तीय गड़बड़ी सामने आती है तो पालिका अध्यक्ष, अधिशासी अधिकारी (ईओ), संबंधित अभियंताओं और ठेकेदारों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाए।
सभासदों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी शिकायतों पर समय रहते निष्पक्ष कार्रवाई नहीं हुई तो वे सामूहिक इस्तीफा देने सहित लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन करने को बाध्य होंगे। अब पूरे मामले में जिलाधिकारी के निर्णय और प्रस्तावित जांच पर सभी की निगाहें टिकी हैं।
