
करंट विज़न संवाददाता
इमरान खान
इटावा। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव ने आज चौगुर्जी स्थित अपने आवास पर पहुंचे क्षेत्रवासियों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग अपनी विभिन्न समस्याओं और शिकायतों को लेकर पहुंचे, जिनमें भूमि विवाद, पुलिस प्रशासन से संबंधित मुद्दे, बिजली-पानी की समस्या सहित अन्य जनहित के विषय शामिल रहे।
शिवपाल सिंह यादव ने सभी फरियादियों की समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुना और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत का त्वरित एवं निष्पक्ष समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जनता की सेवा करना समाजवादी पार्टी की प्राथमिकता है और आम लोगों को न्याय दिलाना उनका कर्तव्य है।
इस अवसर पर पार्टी के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता भी मौजूद रहे, जिन्होंने जनसमस्याओं के समाधान में सहयोग किया। शिवपाल सिंह यादव ने आश्वासन दिया कि किसी भी पीड़ित को परेशान होने की आवश्यकता नहीं है, उनकी समस्याओं का हर संभव समाधान कराया जाएगा।
