
करंट विज़न संवाददाता
इमरान खान
इटावा माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में ‘सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण’ थीम के अंतर्गत विकास भवन इटावा में एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर प्राकृतिक खेती कार्यशाला, कृषि सूचना तंत्र के सुदृढ़ीकरण एवं कृषक जागरूकता कार्यक्रम के अंतर्गत जनपद स्तरीय खरीफ उत्पादकता गोष्ठी आयोजित की गई। कार्यक्रम के दौरान कृषि प्रदर्शनी का फीता इटावा की विधायक श्रीमती सरिता भदौरिया जी द्वारा काटकर विधिवत शुभारंभ किया गया तथा प्रदर्शनी का अवलोकन किया गया।
कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता, साथ ही जनपद के आला अधिकारी भी सम्मिलित रहे। प्रदर्शनी में किसानों को नवीन तकनीकों, उन्नत बीज, आधुनिक कृषि यंत्रों एवं प्राकृतिक खेती के लाभों के बारे में जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों एवं विशेषज्ञों ने किसानों को खेती में नवीनतम नवाचार अपनाने, लागत कम करने तथा उत्पादन बढ़ाने के उपायों पर विस्तार से जानकारी प्रदान की। साथ ही, सरकार द्वारा संचालित विभिन्न किसान हितैषी योजनाओं के बारे में भी जागरूक किया गया।
इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य किसानों को आत्मनिर्भर बनाना, कृषि क्षेत्र में आधुनिक तकनीकों का प्रसार करना तथा प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देना रहा।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।
