फर्जी क्राइम ब्रांच अधिकारी बनकर ठगी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश, 6 साइबर अपराधी गिरफ्तार

करंट विज़न संवाददाता

इमरान खान

इटावा। साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत इटावा पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने खुद को क्राइम ब्रांच का अधिकारी बताकर लोगों को धमकाने और साइबर ठगी करने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए उसके छह सदस्यों को गिरफ्तार किया है।
यह कार्रवाई साइबर थाना एवं भरथना थाना पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा की गई। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से 9 मोबाइल फोन, 15 सिम कार्ड, विभिन्न बैंकों के 5 एटीएम कार्ड तथा 24,800 रुपये नकद बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, आरोपी फर्जी पहचान का इस्तेमाल कर लोगों को डराते-धमकाते थे और उन्हें साइबर ठगी का शिकार बनाते थे। गिरोह के सदस्य खुद को क्राइम ब्रांच का अधिकारी बताकर लोगों से अवैध धन वसूली करते थे।
यह सफलता अपर पुलिस महानिदेशक कानपुर जोन एवं पुलिस उपमहानिरीक्षक कानपुर परिक्षेत्र के निर्देशन तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक इटावा बृजेश कुमार श्रीवास्तव की निगरानी में चलाए जा रहे अभियान के दौरान प्राप्त हुई।
इटावा पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी अज्ञात व्यक्ति द्वारा फोन पर खुद को अधिकारी बताकर धन की मांग करने पर सतर्क रहें और तुरंत इसकी सूचना नजदीकी पुलिस थाना या साइबर सेल को दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *