अर्चना के छात्रों ने अनूठा विज्ञान प्रोजेक्ट प्लांट हेल्थ रीडर बनाया

करंट विज़न संवाददाता
इटावा।  अर्चना मेमोरियल सरस्वती ज्ञान मंदिर इंटर कॉलेज के विद्यार्थियों ने विज्ञान एवं नवाचार के क्षेत्र में ऐतिहासिक सफलता प्राप्त कर विद्यालय के साथ जनपद का नाम राष्ट्रीय पटल पर गौरवान्वित किया।
विद्यालय के मेधावी छात्र देवांश और शिव द्वारा तैयार किया गया अनूठा विज्ञान प्रोजेक्ट प्लांट हेल्थ रीडर चयनित हुआ है,जिसे शासन स्तर पर भी भारी सराहना प्राप्त हुई है।विशेष बात यह है कि राज्य सरकार द्वारा इस क्रांतिकारी प्रोजेक्ट का पेटेंट कराने की प्रक्रिया जल्द ही प्रारंभ की जाएगी। जीआईसी इटावा में आयोजित जिला स्तरीय विज्ञान प्रदर्शनी में प्रस्तुत इस प्रोजेक्ट ने सभी का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया।छात्रों ने मार्गदर्शक शिक्षक उत्कर्ष दीक्षित के तकनीकी निर्देशन में यह विशेष मॉडल तैयार किया है। इस मॉडल के माध्यम से छात्रों ने यह जीवंत प्रदर्शन किया कि किसी भी पौधे की स्वास्थ्य स्थिति एवं उसके जीवित होने की जांच बिना उसे कोई नुकसान पहुचाए की जा सकती है। यह तकनीक पौधों के आंतरिक संवहन तंत्र की बारीकी से जांच करने में भी अत्यंत सहायक सिद्ध होगी।
लविशेषज्ञों के अनुसार यह प्रोजेक्ट पर्यावरण संरक्षण और आधुनिक कृषि की दिशा में एक बड़ा मील का पत्थर साबित हो सकता है। बेहद कम लागत में तैयार किए गए इस मॉडल की वैज्ञानिक सोच और व्यावहारिक उपयोगिता को देखते हुए प्रदर्शनी में उपस्थित मुख्य निर्णायकों, वैज्ञानिकों एवं शिक्षाविदों ने इसकी प्रशंसा की। इस गौरवमयी और ऐतिहासिक सफलता पर पूरे अर्चना मेमोरियल विद्यालय परिवार ने अत्यंत हर्ष व्यक्त करते हुए छात्रों को उज्ज्वल भविष्य का आशीर्वाद दिया है।

फोटो- छात्रों को सम्मानित करतीं प्रिंसिपल आसरा अहमद।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *