हाजी रशीद जफर के जनाजे में शामिल हुये शिवपाल सिंह यादव

करंट विजन संवाददाता

इमरान खान
जसवंतनगर,क्षेत्र के प्रतिष्ठित एवं वरिष्ठ समाजवादी नेता, पूर्व नगर अध्यक्ष तथा श्री अशोक इंटर कॉलेज कुकावली के वरिष्ठ शिक्षक रहे 85 वर्षीय हाजी रशीद जफर साहब के इंतिकाल से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। वह लंबे समय से समाजवादी विचारधारा से जुड़े रहे और पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव के करीबी सहयोगियों में गिने जाते थे।
हाजी रशीद जफर के निधन की खबर मिलते ही जसवंतनगर विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री शिवपाल सिंह यादव उनके आवास पहुंचे। इस दौरान उन्होंने दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की और शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाते हुए गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं।
शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि हाजी रशीद जफर का जीवन समाज सेवा और पार्टी के प्रति समर्पण का उदाहरण रहा है। उनके निधन से समाजवादी परिवार को अपूरणीय क्षति हुई है, जिसकी भरपाई संभव नहीं है।
इस अवसर पर क्षेत्र के कई गणमान्य लोग, समाजवादी कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक भी उपस्थित रहे और सभी ने नम आंखों से दिवंगत नेता को अंतिम विदाई दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *