शरद बाजपेयी ने नगर पालिका अध्यक्ष एवं ईओ को दी अनशन की चेतावनी 

करंट विज़न संवाददाता

इटावा। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं नगर पालिका नेता प्रतिपक्ष भाजपा सभासद दल के नेता शरद बाजपेयी ने नगर पालिका से कुछ प्रश्नों के जवाब मांगे हैं जिनका जवाब नगर पालिका पिछले दो वर्षों से नहीं दे रहा है। उन्होंने कई बार पत्र दिए और जवाब न मिलने पर आरटीआई डालीं लेकिन जानकारियां नहीं दीं गई, इससे नाराज होकर शरद बाजपेयी ने अध्यक्ष व ईओ को अनशन पर बैठने के लिए कुछ दिन पूर्व ही एक पत्र दिया था। सोमवार को उन्होंने ईओ से मुलाकात की और सभी प्रश्नों के एक दिन के अंदर जवाब देने को कहा, ऐसा न होने पर अनशन की सख्त चेतावनी दी। भाजपा नेता शरद बाजपेयी ने कहा कि नगर पालिका में लूट तंत्र हावी है, जनता से जुड़े मुद्दों और जनता के पैसे की लूट नहीं होने दी जाएगी, मेरे प्रश्नों का जवाब न देना यह दर्शाता है कि दाल में बहुत कुछ काला है। नगर पालिका में कुटेशन पर हुए निर्माण व अन्य कार्यों में भारी अनियमितताएं और लूट की गई है, मेरी मांग है कि जून 2023 से अभी तक कुटेशन पर हुए सभी कार्यों की प्रमाणित लिखित जानकारी दी जाए व सभी कार्यों की जांच कराई जाए, टैक्सी टैम्पू ठेके में करोड़ों की लूट हुई है, जनता को यह बताया जाए कि इसमें कितनी वसूली हुई और कितना रुपया नगर पालिका में जमा हुआ। भाजपा नेता शरद बाजपेयी ने कहा ऐसे मेरे दस प्रश्न है जिसका जनता से सरोकार है और उनका मुझे जवाब चाहिए और हर हाल में चाहिए। अन्य सभी प्रश्नों को जल्द ही जनता के बीच रखूंगा, क्योंकि कि नगर पालिका में लूट तंत्र हावी है। इस अवसर पर सभासद इकबाल अंसारी, सुनील दत्त ने भी अपनी आपत्तियां रखी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *