फतेहपुर में गैस रिसाव से मचा हड़कंप, भीषण धमाके में 9 लोग झुलसे

एक ही परिवार के कई सदस्य गंभीर, प्रशासन ने ग्रीन कॉरिडोर बनाकर कानपुर भेजा

करंट विज़न संवाददाता

फतेहपुर।जनपद के कल्यानपुर थाना क्षेत्र स्थित पिलखिनी गांव में घरेलू गैस रिसाव से बड़ा हादसा हो गया। गैस लीकेज के चलते हुए भीषण धमाके और आग लगने से एक ही परिवार समेत 9 लोग गंभीर रूप से झुलस गए। हादसे के बाद गांव में अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई।सूचना मिलते ही थाना प्रभारी सुमित देव पांडेय पुलिस बल एवं एंबुलेंस के साथ मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू कराया। सभी घायलों को तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र गोपालगंज पहुंचाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर मलवां मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। बाद में आठ घायलों को बेहतर उपचार के लिए ग्रीन कॉरिडोर बनाकर कानपुर भेजा गया।घायलों में रीता (35), संजय (21), सोनी (9), कलावती (35), करन (26), साजन (17), सुलेखा (10), संगीता (25) और उसका सात माह का मासूम बच्चा शामिल हैं। बताया जा रहा है कि हादसे के समय घर के अंदर कई लोग मौजूद थे, जबकि कुछ लोग बचाने के प्रयास में आग की चपेट में आकर झुलस गए। पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि सिलेंडर फटा नहीं था, बल्कि गैस रिसाव के कारण आग और धमाके जैसी स्थिति बनी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया।जिलाधिकारी एवं पुलिस अधिकारियों ने मेडिकल कॉलेज पहुंचकर घायलों की स्थिति की जानकारी ली। फिलहाल सभी घायलों का इलाज जारी है और प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *