हौसलों के पंख फैलाइए, सफलता आपका इंतजार कर रही है : दिवाकर कौशिक निदेशक उत्तरी क्षेत्र
करंट विज़न संवाददाता
दिबियापुर, औरैया। एनटीपीसी औरैया परियोजना में कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सी.एस.आर.) नीति के अंतर्गत बालिका सशक्तिकरण अभियान 2026 का शुभारम्भ गत दिवस हुआ ।
दीप प्रज्ज्वलन के साथ कार्यक्रम का शुभारम्भ क्षेत्रीय कार्यकारी निदेशक, उत्तरी क्षेत्र मुख्यालय, दिवाकर कौशिक एवं अध्यक्षा, उत्तरा क्लब, श्रीमती सीमा कौशिक, परियोजना प्रमुख, एनटीपीसी औरैया, शुभाशीष गुहा, अध्यक्षा, जागृति महिला मंडल, श्रीमती मंजरी गुहा एवं उपस्थित अपर महाप्रबंधकगण द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर GEM, 2026 कार्यशाला का विधिवत् शुभारम्भ किया गया।इस अवसर पर मंच पर उपस्थित गणमान्य अतिथियों की प्रेरणादायक उपस्थिति ने प्रतिभागी बालिकाओं के उत्साह एवं आत्मविश्वास को नई ऊर्जा प्रदान की।“हर बेटी में छिपी है असीम संभावनाएँ”अपने प्रेरक उद्बोधन में परियोजना प्रमुख, शुभाशीष गुहा ने बालिकाओं को संबोधित करते हुए कहा—“आप सभी बच्चियों में अद्भुत प्रतिभाएँ एवं असीम क्षमताएँ निहित हैं। आवश्यकता केवल उन्हें पहचानने और अपने लक्ष्य की दिशा में निरंतर प्रयासरत रहने की है। यह अभियान आपके आत्मविश्वास को नई दिशा देगा और आपको अपने सपनों को साकार करने की शक्ति प्रदान करेगा।”उन्होंने बताया कि यह पूर्णतः निःशुल्क आवासीय प्रशिक्षण कार्यक्रम 17 मई 2026 से 14 जून 2026 तक आयोजित किया जाएगा, जिसमें इस वर्ष परियोजना प्रभावित गाँवों के 11 सरकारी विद्यालयों से चयनित 70 बालिकाएँ भाग ले रही हैं।“हौसलों के पंख फैलाइए, सफलता आपका इंतजार कर रही है”समारोह के मुख्य अतिथि दिवाकर कौशिक, क्षेत्रीय कार्यकारी निदेशक, उत्तरी क्षेत्र मुख्यालय ने बालिकाओं को प्रेरित करते हुए कहा—“अपने सपनों को सीमित मत कीजिए। इतना परिश्रम कीजिए कि सफलता का आकाश आपके लिए छोटा पड़ जाए। शिक्षा और आत्मविश्वास ही आपके जीवन की सबसे बड़ी शक्ति हैं।”इस दौरान बाल भवन, ज्ञानदीप साक्षरता के बच्चों एवं GEM की पूर्व छात्राओं द्वारा विविध मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किये गये, जिसे उपस्थित सभी अतिथियों एवं अभिभावकों ने खूब सराहा।स्कूल किट वितरण से बढ़ा उत्साह: इस अवसर पर मुख्य अतिथियों द्वारा प्रतिभागी 70 बालिकाओं को स्कूल किट वितरित किए गए, जिससे बालिकाओं में विशेष उत्साह एवं प्रसन्नता देखी गई। साथ ही 15 दिनों के टाई और डाई बाटिक प्रशिक्षण प्राप्त कन्याओं एवं महिलाओं के साथ-साथ ऊषा सिलाई सेंटर के माध्यम से प्रशिक्षण प्राप्त कन्याओं एवं महिलाओं को प्रमाण-पत्र भी वितरित किये गये। इस गरिमामय समारोह में कार्यक्रम के मुख्य अतिथियों के साथ-साथ परियोजना प्रमुख, एनटीपीसी औरैया, अध्यक्षा जागृति महिला मंडल, अपर महाप्रबंधकगण, विभागाध्यक्षगण, जागृति महिला मंडल की समिति सदस्याएँ, स्किल एरा टेक प्राइवेट लिमिटेड से पधारी GEM फैकल्टीस, प्रतिभागी 70 बालिकाएँ एवं उनके अभिभावकगण उपस्थित रहे।
