जसवंतनगर में अवैध तमंचा-कारतूस के साथ युवक गिरफ्तार: पुलिस ने चेकिंग के दौरान पकड़ा, आर्म्स एक्ट में केस दर्ज; जांच जारी।

करंट विजन संवाददाता

इमरान खान

जसवंतनगर पुलिस ने बुधवार को चेकिंग के दौरान एक युवक को अवैध तमंचा और कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया गया।

पुलिस के अनुसार, उपनिरीक्षक ललित किशोर चतुर्वेदी और उपनिरीक्षक मनीष कुमार अपनी टीम के साथ क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने और संदिग्ध व्यक्तियों/वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान बस स्टैंड क्षेत्र में एक मुखबिर से सूचना मिली कि मोहल्ला फक्कड़पुरा स्थित बलैया मठ के पास एक युवक संदिग्ध अवस्था में खड़ा है, जिसके पास अवैध असलहा हो सकता है।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और बताए गए स्थान पर घेराबंदी कर युवक को पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपनी पहचान अभिषेक यादव (लगभग 22 वर्ष) पुत्र इन्द्रवीर यादव, निवासी नगला गिरधारी, थाना जसवंतनगर, हाल पता यादव नगर कस्बा जसवंतनगर के रूप में बताई।

तलाशी लेने पर युवक के पास से एक देशी तमंचा 12 बोर और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए। पुलिस द्वारा लाइसेंस मांगने पर वह कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। आरोपी ने पूछताछ में बताया कि उसने यह तमंचा अपनी सुरक्षा के लिए रखा हुआ था।

पुलिस ने अभिषेक यादव को मौके से गिरफ्तार कर लिया और बरामद तमंचा व कारतूस को सील कर कब्जे में ले लिया। इस संबंध में थाना जसवंतनगर में धारा 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि आरोपी को विधिक कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश किया गया है और क्षेत्र में अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *