करंट विजन संवाददाता
इमरान खान
इटावा के नगर पालिका चौराहे पर आज कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार और उग्र प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के खिलाफ की गई अभद्र टिप्पणी तथा पार्टी प्रवक्ता पवन खेड़ा पर हुई पुलिसिया कार्रवाई के विरोध में आयोजित किया गया।
प्रदर्शन के दौरान आक्रोशित कार्यकर्ता सड़कों पर उतर आए और केंद्र एवं राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाज़ी की। कार्यकर्ताओं ने लोकतंत्र की रक्षा और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के सम्मान की मांग करते हुए अपना विरोध दर्ज कराया।
प्रदर्शनकारियों ने असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा के खिलाफ आक्रोश व्यक्त करते हुए नगर पालिका चौराहे पर उनका पुतला दहन किया। इस दौरान क्षेत्र में राजनीतिक माहौल गर्म रहा और बड़ी संख्या में कांग्रेस समर्थक उपस्थित रहे।
इस विरोध प्रदर्शन में प्रशांत तिवारी, पल्लव दुबे, आसिफ़ ज़दरान, मालखान सिंह सहित अनेक कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सक्रिय भागीदारी निभाई और अपनी एकजुटता का परिचय दिया।
कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि इस प्रकार की घटनाएं जारी रहीं, तो पार्टी भविष्य में और व्यापक आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी।
