जिला गंगा, वृक्षारोपण एवं पर्यावरण समिति की बैठक कलेक्ट्रेट में सम्पन्न

करंट विज़न संवाददाता

इटावा। मुख्य विकास अधिकारी अजय कुमार गौतम की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित नवीन सभागार में जिला गंगा समिति, वृक्षारोपण समिति एवं पर्यावरण समिति की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद में पर्यावरण संरक्षण, सीवेज प्रबंधन, ठोस एवं जैव चिकित्सा अपशिष्ट निस्तारण तथा नदी संरक्षण से संबंधित विभिन्न बिंदुओं पर विस्तृत समीक्षा की गई मुख्य विकास अधिकारी ने नदियों में बहने वाले ठोस अपशिष्ट की रोकथाम की स्थिति की समीक्षा करते हुए पाया कि करनपुरा स्थित झरना नाला से संबंधित 10.44 एवं 10.45 एमएलडी क्षमता के एसटीपी निरीक्षण के दौरान बंद पाए गए। साथ ही टिकसी नाले में अत्यधिक ठोस अपशिष्ट जमा होने के कारण जल प्रवाह में गंभीर अवरोध उत्पन्न हो गया है। उन्होंने नगर निगम को नाला साफ करने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित विभाग को तत्काल संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए तथा विभागीय निदेशक को पत्र प्रेषित करने के भी निर्देश दिए। सीवरेज उपचार के अंतर्गत मौजा उमरैना स्थित 13.5 एमएलडी एसटीपी की खराब स्थिति पर नाराजगी व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि करोड़ों रुपये व्यय होने के बावजूद यदि संयंत्र संचालित नहीं है तो यह गंभीर लापरवाही है, जिसे तत्काल ठीक कराया जाए।नदी किनारे कूड़ा फेंके जाने की समस्या पर उन्होंने निर्देश दिए कि संबंधित स्थानों पर चेतावनी बोर्ड लगाए जाएं तथा लोगों को जागरूक किया जाए। यमुना नदी के किनारे ग्राम सुनवारा के निकट अवैध खनन की शिकायत पर उन्होंने सख्त कार्रवाई के निर्देश देते हुए कहा कि पकड़े गए वाहनों को जब्त किया जाए तथा सतत निगरानी रखी जाए। बैठक में जिला विकास अधिकारी राकेश प्रसाद, डीएफओ विकास नायक, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद संतोष कुमार मिश्र, अधिशासी अधिकारी श्याम बचन सरोज सहित अन्य सम्बन्धित अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में निर्देश देते सीडीओ अजय कुमार गौतम।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *