ताखा तहसील में ‘संपूर्ण समाधान दिवस’ संपन्न:

जिलाधिकारी ने दिए जमीन विवादों को एक सप्ताह में निपटाने के निर्देश

करंट विज़न संवाददाता

इटावा। तहसील ताखा में जिलाधिकारी शुभ्रांत कुमार शुक्ला और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ब्रजेश कुमार श्रीवास्तव की अध्यक्षता में ‘संपूर्ण समाधान दिवस’ का आयोजन किया गया। इस दौरान डीएम ने जनसमस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि फरियादियों की शिकायतों का निस्तारण केवल कागजों पर नहीं, बल्कि धरातल पर गुणवत्तापूर्ण ढंग से होना चाहिए। समाधान दिवस में कुल 13 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 02 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। सर्वाधिक मामले भूमि विवाद से संबंधित रहे: आढरपुरा निवासी चक्रपान ने ग्राम प्रधान द्वारा हनुमान मंदिर के पास नाले का निर्माण अधूरा छोड़ने की शिकायत कर उसे पूरा कराने की मांग की। पटियायत के रमेश चंद्र ने कोर्ट में विचाराधीन भूमि की पैमाइश रोकने की गुहार लगाई। नंगला चंद के चिरौंजी लाल ने विपक्षियों द्वारा अपनी जमीन पर अवैध कब्जे की शिकायत दर्ज कराई। वहीं, ताखा बार एसोसिएशन ने तहसील परिसर में साफ-सफाई की व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग उठाई। जिलाधिकारी शुभ्रांत कुमार शुक्ला ने कड़े लहजे में कहा कि एक सप्ताह से अधिक समय से लंबित प्रकरणों के लिए संबंधित अधिकारी जवाबदेह होंगे। उन्होंने निर्देश दिया कि अधिकारी स्वयं मौके पर जाकर शिकायतकर्ता का पक्ष सुनें और समस्या का समाधान करें। गांवों के भ्रमण के दौरान सरकारी योजनाओं का सत्यापन करें और लाभार्थियों से फीडबैक लें। जांच में दोषी पाए जाने वाले या जवाबदेह लोगों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जाए। एसएसपी ब्रजेश कुमार श्रीवास्तव ने पुलिस से संबंधित मामलों की सुनवाई करते हुए थानाध्यक्षों को निर्देशित किया कि प्रत्येक मामले में मौके पर जाकर निष्पक्ष कार्रवाई करें। उन्होंने याद दिलाया कि शासन स्तर से निस्तारण के संबंध में सीधे फरियादियों से फीडबैक लिया जा रहा है, इसलिए गुणवत्ता में कोई भी समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। समाधान दिवस में विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *