करंट विज़न संवाददाता
फतेहपुर। जनपद के लोक निर्माण विभाग अतिथि गृह में एसपी श्री अभिमन्यु मांगलिक एवं उत्तर प्रदेश अनुसूचित जाति/जनजाति आयोग के मा0 सदस्य रमेश चन्द्र कुंडे की संयुक्त अध्यक्षता में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक व
जनसुनवाई आयोजित की गई। बैठक में अनुसूचित जाति/जनजाति वर्ग से जुड़ी कल्याणकारी योजनाओं की प्रगति तथा उत्पीड़न से संबंधित मामलों की गहन समीक्षा की गई। अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ समयबद्ध, पारदर्शी और बिना भेदभाव के पहुंचे। साथ ही SC/ST उत्पीड़न से जुड़े प्रकरणों में तत्काल व प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।जनसुनवाई के दौरान आए फरियादियों की शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए मौके पर ही संबंधित विभागों को त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए गए। एसपी ने कहा कि कमजोर वर्गों की सुरक्षा, सम्मान और न्याय सुनिश्चित करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है, इसमें किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।बैठक में उपस्थित अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया गया कि शासन की मंशा के अनुरूप कार्य करते हुए जमीनी स्तर पर प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें और लंबित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाएं। इस अवसर पर विभिन्न विभागों के अधिकारीगण मौजूद रहे।
