बैठक में सांसद श्री दोहरे ने योजनाओं के संचालन एवं विकास कार्यों के संबंध में दिए गए दिशा-निर्देशों के अनुपालन की समीक्षा की
शावेज़ नक़वी
इटावा। जिला विकास समन्वय एवं अनुश्रवण समिति (दिशा) की बैठक सांसद जितेन्द्र कुमार दोहरे की अध्यक्षता में विकास भवन स्थित प्रेरणा सभागार में आयोजित की गई। बैठक में सांसद श्री दोहरे ने योजनाओं के संचालन एवं विकास कार्यों के संबंध में दिए गए दिशा-निर्देशों के अनुपालन की समीक्षा की। उन्होंने सर्वप्रथम मनरेगा, एनआरएलएम दीन दयाल अंत्योदय योजना, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, राष्ट्रीय सामाजिक सहायता, कृषि विकास योजना सहित अन्य सभी योजनाओं की समीक्षा की। कृषि विभाग योजना के अंतर्गत उप निदेशक कृषि द्वारा बताया गया कि फसल बीमा योजना में जांच कराकर भुगतान कराया जाता है, जिसपर सांसद द्वारा बताया गया कि ब्लॉक वार बीज वितरण किया जाए एवं इसकी सूची उपलब्ध कराई जाए। विधायक भरथना द्वारा एडीपीआरओ को अवगत कराया गया कि सफाई कर्मी द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में सफाई नहीं की जा रही है। सांसद ने राष्ट्रीय ग्रामीण पेयजल कार्यक्रम की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि जलजीवन मिशन के अंतर्गत जनपद में कितनी टंकिया बनाई गईं है, जिसकी ब्लॉक वाइस सूची उपलब्ध करा दें। जल निगम के कार्य को लेकर उन्होंने नाराजगी व्यक्त की एवं जल निगम द्वारा जो भी सड़के बनाई गई हैं वो उखड़ी पड़ी हुई हैं, उनमें से कितनी सड़को की मरम्मत कराई गई इसकी सूची दो दिन के अंदर उपलब्ध कराई जाए साथ ही उन्होंने जिलाधिकारी को टीम बनाकर जांच कराए जाने हेतु निर्देश दिए। उन्होंने मुख्य चिकित्साधिकारी को निर्देश दिए कि टीवी रोगियों को पोषण किट जनप्रतिनिधिगण द्वारा बटवाई जाए साथ ही एमओआईसी बसरेहर विकास सचान द्वारा अक्सर बाहर की दवा लिखी जाती है, इसकी जांच अवश्य कराई जाए। उन्होंने कहा कि डॉ. श्रीनिवास की जांच की जाए एवं इनका तबादला किया जाए। उन्होंने कहा कि आयुष्मान कार्ड बनाने हेतु कमेटी बनाई जाए एवं सीएचसी पर कितने लाभार्थियों को आयुष्मान कार्ड द्वारा लाभ दिया जा रहा है उसकी सूची उपलब्ध कराई जाए। सांसद ने एआरटीओ को निर्देश दिये कि ओवरलोड वाहनों पर रोक लगाई जाए। उन्होंने खनन अधिकारी को निर्देश दिये कि परिवहन विभाग के साथ टीम बनाकर कार्य किया जाए एवं ओवरलोडिंग वाहन पर रोक लगाई जाए। बैठक में विधायक भरथना राघवेंद्र गौतम, सदर विधायक प्रतिनिधि हरिनारायण बाजपेई, विधायक जसवन्तनगर प्रतिनिधि ध्रुव यादव, रामगोपाल के प्रतिनिधि गोपाल यादव, जिलाधिकारी शुभ्रान्त कुमार शुक्ल, मुख्य विकास अधिकारी अजय कुमार गौतम, सामाजिक निदेशक वानिकी विकास नायक, मुख्य चिकित्सा अधिकारी बृजेन्द्र कुमार जिला विकास अधिकारी राकेश कुमार सहित अन्य समस्त जिला स्तरीय अधिकारीगण उपस्थित रहे। बैठक में योजनाओं की समीक्षा करते सांसद जितेंद दोहरे।
