खखरेरू की बैंक शाखा में लापरवाही का आरोप, उपभोक्ता परेशान — जिम्मेदारों से जवाब की मांग

करंट विज़न संवाददाता

फतेहपुर। नगर पंचायत खखरेरू स्थित बड़ौदा उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक शाखा एक बार फिर अव्यवस्थाओं को लेकर चर्चा में है। स्थानीय उपभोक्ताओं का आरोप है कि बैंक मैनेजर लव दुबे सहित अधिकांश कर्मचारी समय से शाखा नहीं पहुंचते, जिससे दूर-दराज़ से आने वाले ग्रामीणों को घंटों इंतजार करना पड़ता है।ग्राहकों के अनुसार “सर्वर नहीं है” कहकर काम टाल देना यहां आम बात बन चुकी है। बैरी गांव की लीलावती सुबह निर्धारित समय पर पैसा निकालने बैंक पहुंचीं, लेकिन लंबे इंतजार के बाद भी कोई कर्मचारी उपस्थित नहीं हुआ। वहीं बदनमऊ निवासी राजेश केवाईसी अपडेट कराने आए थे, परंतु स्टाफ के न आने से निराश होकर लौटना पड़ा।17 तारीख को खखरेरू कस्बे के मो. अमन अपने पिता के साथ खाते की जानकारी लेने बैंक पहुंचे थे। आरोप है कि इस दौरान सहायक पद पर तैनात अनुराग वशिष्ठ ने उनसे अभद्र व्यवहार किया। परिजनों ने इस संबंध में लिखित शिकायत बैंक मैनेजर को सौंप दी है। ग्रामीणों का कहना है कि बैंक जैसी महत्वपूर्ण सेवा संस्था में इस तरह की लापरवाही आमजन के विश्वास को ठेस पहुंचाती है। लोगों ने उच्चाधिकारियों से मांग की है कि शाखा की कार्यप्रणाली की जांच कर समयबद्ध उपस्थिति, पारदर्शी कार्यप्रणाली और ग्राहकों के साथ शालीन व्यवहार सुनिश्चित कराया जाए।क्षेत्रीय प्रबंधक से संपर्क किए जाने पर उन्होंने मामले की जानकारी लेकर जांच कराने की बात कही है। अब देखना यह है कि उपभोक्ताओं की समस्याओं का समाधान कब तक हो पाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *