जिला पुस्तकालय समिति की बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में सम्पन्न

करंट विज़न संवाददाता

इटावा। जिलाधिकारी शुभ्रान्त कुमार शुक्ल की अध्यक्षता में जिला पुस्तकालय समिति की बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने सर्वप्रथम कहा कि ई-ग्रंथालय पोर्टल पर पुस्तकालय की समस्त पुस्तकों को ऑनलाइन उपलब्ध कराया जाए, जिससे विद्यार्थी आसानी से पुस्तकों की खोज कर अपनी पढ़ाई कर सकें। संबंधित अधिकारी द्वारा अवगत कराया गया कि वर्तमान में पुस्तकालय की सदस्यता हेतु 1000 रुपये की रिफंडेबल अमानत राशि तथा 100 रुपये वार्षिक शुल्क निर्धारित है। इस पर जिलाधिकारी महोदय ने सदस्यता शुल्क में वृद्धि करते हुए वार्षिक शुल्क 100 रुपये से बढ़ाकर 500 रुपये किए जाने के निर्देश दिए।जिलाधिकारी द्वारा निर्देशित किया गया कि पुस्तकालय की मासिक पत्रिकाओं का सर्वे कराया जाए, लंबे समय से उपयोग में न आने वाली पुस्तकों को डिस्कार्ड किया जाए तथा नवीन व उपयोगी पुस्तकों को संग्रह में जोड़ा जाए। साथ ही पुस्तकालय को गूगल मैप पर पंजीकृत कराया जाए एवं पुस्तक मेले का आयोजन कर उसका व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाए। बैठक में यह भी निर्देश दिए गए कि पुस्तकालय में कई वर्षों से अनुपयोगी सामग्री का नियमानुसार समिति गठित कर निस्तारण कराया जाए। जो सामग्री रिपेयर योग्य हो उसका मरम्मत कार्य कराया जाए तथा जो रिपेयर योग्य न हो उनकी नियमानुसार नीलामी कराई जाए। संबंधित अधिकारी द्वारा बताया गया कि कार्यालय व्यय हेतु 20,800 रुपये का बजट उपलब्ध है, जिसे बचत करते हुए एसेट क्रिएशन में उपयोग किया जाए। लोगों की मांग के अनुरूप एवं फंड उपलब्ध होने की स्थिति में नई पुस्तकों की खरीद सुनिश्चित की जाए। पुस्तक दान अभियान चलाने के निर्देश देते हुए जिलाधिकारी महोदय ने कहा कि शिक्षकगण द्वारा पढ़ी जा चुकी व अनुपयोगी पुस्तकों को दान स्वरूप संग्रहित किया जाए तथा पुस्तक दान करने वाले शिक्षकों को सम्मानित किया जाए। इसके अतिरिक्त कॉलेजों में आउटरीच प्रोग्राम आयोजित कर विद्यार्थियों से अपनी पुरानी पुस्तकों के दान की अपील की जाए। जिलाधिकारी महोदय ने यह भी निर्देश दिया कि प्रत्येक माह के अंत में पठन अभियान चलाया जाए एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले टॉप 3 बच्चों को सम्मानित किया जाए। पुस्तकालय को दो पालियों में संचालित किया जाए—प्रथम पाली प्रातः 10 बजे से अपराह्न 2 बजे तक एवं द्वितीय पाली अपराह्न 2 बजे से रात्रि 10 बजे तक—तथा स्टाफ की ड्यूटी भी दो शिफ्टों में निर्धारित की जाए। बैठक के दौरान मुख्य विकास अधिकारी अजय कुमार गौतम, डाइट प्राचार्य मनोज कुमार, स्वाति जैन एएमए जिला परिषद, बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. राजेश कुमार, आईटीआई प्रधानाध्यापक सहित अन्य सम्बन्धित अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में निर्देश देते जिलाधिकारी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *