पीड़िता ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक महोदय इटावा से लगाई न्याय की गुहार फर्जी तरीके से बैनामा कराने का लगाया आरोप l
करंट विज़न संवाददाता
ऊसरहार थाना क्षेत्र के ग्राम पूरनपुरा में जालसाजी का एक सनसनीखेज मामला प्रकाश में आया है। यहाँ एक दबंग गिरोह ने एक बुजुर्ग महिला के आधार कार्ड में हेराफेरी कर और नाम बदलकर उनकी बेशकीमती कृषि भूमि का फर्जी बैनामा करा लिया। पीड़िता ने मामले की शिकायत पुलिस अधीक्षक से रजिस्ट्री के माध्यम से प्रार्थना पत्र देते हुए रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग की है। पूरनपुरा निवासी श्रीपाल पुत्र स्व. गेंदालाल ने बताया कि उनकी माता कमला देवी के नाम मौजा कुदरैल में गाटा संख्या 32 व 33 की भूमि स्थित है, जिसे उन्होंने साल 2017 में खरीदा था। आरोप है कि विपक्षी कोमल देवी, जितेन्द्र कुमार और उनके साथियों ने एक सोची-समझी साजिश के तहत आधार कार्ड में नाम बदलकर ‘कमला देवी’ कर लिया और फर्जी दस्तावेजों के सहारे साल 2023 में जमीन सरोजनी देबी के नाम बैनामा कर दिया गया l पीड़ित का आरोप है कि इस फर्जीवाड़े में न केवल पहचान छुपाई गई, बल्कि जमीन की कीमत भी काफी कम दिखाई गई। बाजार भाव के अनुसार जिस जमीन की कीमत करीब 7 लाख रुपये है, उसका बैनामा महज 2 लाख रुपये में दिखा दिया गया। इतना ही नहीं, जालसाजों ने मिलीभगत कर जमीन का दाखिल-खारिज भी करा लिया, जिसकी भनक पीड़ित परिवार को फरवरी 2026 में राजस्व अभिलेख (इंतखाब) चेक करने पर लगी। पीड़ित श्रीपाल का कहना है कि “मेरी मां एक वृद्ध और अशिक्षित महिला हैं। विपक्षियों ने उनकी पहचान चोरी कर हमारी पुश्तैनी जमीन हड़प ली है। हमें न्याय चाहिये फिलहाल, पीड़ित ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक इटावा से न्याय की गुहार लगाई है कि थाना प्रभारी ऊसरहार को तत्काल मुकदमा दर्ज करने हेतु आदेशित किया जाए।
