शादी के रिश्ते से नाराज था मृतक, परिवार में मचा कोहराम
इटावा। थाना उसराहार क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम पंचायत कुएता सरैया में युवक का शव खेत में बरामद होने से हड़कम्प मच गया। शव के पास एक तमंचा भी पड़ा मिला।
ग्राम पंचायत कुएता सरैया से निकलने वाली सड़क से करीब दो सौ मीटर उत्तर दिशा में ओम बाबू उर्फ नीलू पुत्र राम औतार का शव मिला, मृतक प्रधान का भतीजा बताया जा रहा है। ग्रामीणों के अनुसार युवक अपनी शादी को लेकर नाखुश था और इसी कारण उसने आत्महत्या कर ली। मौके पर पहुंची पुलिस ने देखा कि युवक को गोली लगी है। उसके पास से 315 बोर का तमंचा भी बरामद हुआ है। प्रारंभिक जानकारी में हत्या नहीं बल्कि आत्महत्या की बात कही जा रही है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। मृतक अपने पिता का एकलौता पुत्र था। बताया गया कि उसकी शादी तय थी लेकिन वह इस रिश्ते से खुश नहीं था। परिजनों के अनुसार इसी तनाव के चलते उसने यह कदम उठाया। कल घर में गोद भराई का कार्यक्रम हुआ था। घटना की सूचना मिलते ही पीआरवी, स्थानीय पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों की पुष्टि हो सकेगी। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। घटना स्थल पर जांच करती पुलिस।
