प्राथमिक विद्यालय भाऊपुर के गेट पर अवैध कब्जा, बच्चों की सुरक्षा से खुला खिलवाड़

प्राथमिक विद्यालय भाऊपुर के गेट पर अवैध कब्जा, बच्चों की सुरक्षा से खुला खिलवाड़

एसडीएम के आदेश को लेखपाल ने दिखाया ठेंगा, मौके पर नही पहुँचा लेखपाल

सैफई (इटावा) प्राथमिक विद्यालय भाऊपुर के मुख्य गेट के सामने ग्रामीणों द्वारा वर्षों से किया जा रहा अवैध कब्जा अब बच्चों की पढ़ाई ही नहीं, बल्कि उनकी जान-माल के लिए गंभीर खतरा बन चुका है। हैरानी की बात यह है कि एसडीएम सैफई के स्पष्ट आदेश के बावजूद तत्कालीन लेखपाल अजय यादव ने मामले को जानबूझकर नजरअंदाज कर आदेश को रद्दी की टोकरी में डाल दिया।
ग्रामीणों द्वारा स्कूल के ठीक सामने गाय-भैंस बांधना, ट्रैक्टर के हल, थ्रेसर खड़े करना आम बात हो गई है। बरसात के मौसम में हालात और बदतर हो जाते हैं। कीचड़, गंदा पानी और जानवरों के कारण छोटे-छोटे बच्चे स्कूल तक पहुंच ही नहीं पाते।

👉 माइनर सफाई में भी भारी लापरवाही
स्थिति तब और गंभीर हो गई जब माइनर की सिल्ट सफाई के दौरान ठेकेदार ने गंदगी और कीचड़ सीधे स्कूल के सामने डाल दी, लेकिन उसकी सफाई आज तक नहीं कराई गई। नतीजा यह है कि विद्यालय के सामने बदबू, फिसलन और गंदगी का अंबार लगा है।
हेडमास्टर से लेकर एसडीएम तक शिकायत, फिर भी कार्रवाई शून्य
विद्यालय के हेडमास्टर ने इस गंभीर समस्या को लेकर पहले खंड शिक्षा अधिकारी को लिखित पत्र दिया। इसके बाद खंड शिक्षा अधिकारी ने स्वयं एसडीएम सैफई को पत्र भेजकर अवैध कब्जा हटवाने का अनुरोध किया एसडीएम ने मामले को गंभीर मानते हुए जांच की जिम्मेदारी तत्कालीन लेखपाल अजय यादव को सौंपी, लेकिन आरोप है कि लेखपाल ने मौके पर जाना भी जरूरी नही समझा और शिकायत की रद्दी की टोकरी में डाल दिया।

👉 जानवरों से हो सकता है बड़ा हादसा
स्कूल के सामने बंधे जानवर कभी भी बच्चों को कुचल सकते हैं। ग्रामीणों को जब जानवर हटाने के लिए कहा जाता है तो वे लड़ाई-झगड़े पर आमादा हो जाते हैं। इतना ही नहीं, स्कूल आने वाले रास्ते की पटरी और सड़क पर अवैध गुमटी भी रखी गई है, जिससे बच्चों को गंदे पानी में होकर विद्यालय आना पड़ता है। अवैध कब्जा धारकों ने गोबर के उपले भी माइनर की पटरी पर रख दिए है जिससे बारिश में बच्चे निकल नही पा रहे है। रनुआं के बच्चे जिस रास्ते से आते है वो रास्ता कच्चा है और उस पर बरसात का पानी भर जाता है तो बच्चे पटरी के सहारे विद्यालय आ जाते थे लेकिन अब पटरी पर भी ग्रामीणों ने कब्जा कर लिया है।
रनुआं गांव से आने वाले बच्चों को सबसे ज्यादा परेशानी हो रही है। अभिभावकों में रोष है और वे हर दिन किसी बड़े हादसे की आशंका में रहते हैं।
ग्रामीणों और अभिभावकों ने एसडीएम सैफई से तत्काल अवैध कब्जा हटवाने और
एसडीएम के आदेश की अवहेलना करने वाले लेखपाल अजय यादव के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *