विजेता टीम के छात्रों के साथ प्रधानाचार्य डा. आनन्द
करंट विज़न संवाददाता
इटावा। कला उत्सव मंडल स्तरीय प्रतियोगिता में संत विवेकानंद सीनियर सेकेंडरी पब्लिक स्कूल के छात्र-छात्राओं ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन करते हुए विद्यालय का गौरव बढ़ाया। कानपुर के चुन्नीगंज स्थित जीजीआईसी में आयोजित प्रतियोगिता में कानपुर मंडल के विभिन्न जिलों से आए प्रतिभागियों के बीच संत विवेकानंद विद्यालय के विद्यार्थियों ने अलग अलग विधाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। समूह लोकगीत में आज्ञा गुप्ता, मुस्कान यादव, प्राची यादव एवं अनुष्का पोरवाल ने प्रथम स्थान हासिल कर राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में प्रवेश किया। वहीं समूह लोकनृत्य में इतिका मिश्रा, पाखी, अनुभी शर्मा एवं अंशिका प्रजापति ने भी प्रथम स्थान प्राप्त कर राज्य स्तर पर अपनी जगह बनाई। एकल शास्त्रीय गायन में आनी वर्मा ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। समूह वाद्य वृन्द में कार्तिक दुबे, कार्तिक सिंह, अर्जुन यादव एवं विराज यादव ने भी द्वितीय स्थान हासिल कर विद्यालय की उपलब्धियों में इजाफा किया।विद्यार्थियों ने यह सफलता संगीत अध्यापक नसीर उज्ज़मा ज़ुबैरी एवं नृत्य शिक्षिका शिल्पी जैन के मार्गदर्शन में प्राप्त की। प्रतियोगिता में विजेता प्रतिभागियों को संयुक्त शिक्षा निदेशक मनोज कुमार द्विवेदी ने पुरस्कार प्रदान किए। विद्यालय के प्रधानाचार्य/निदेशक डॉ. आनंद ने विद्यार्थियों की शानदार उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों ने अपनी मेहनत, प्रतिभा और अनुशासन से विद्यालय का नाम रोशन किया है। राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयनित विद्यार्थियों को उन्होंने शुभकामनाएं देते हुए बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद जताई। संस्था के चेयरमैन डॉक्टर विवेक यादव ने भी विद्यार्थियों की शानदार उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की यह सफलता उनकी प्रतिभा, मेहनत और शिक्षकों के मार्गदर्शन का परिणाम है। उन्होंने राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयनित विद्यार्थियों को आगामी चरण के लिए शुभकामनाएं दीं।
