कलेक्ट्रेट सभागार में जिला शिक्षण एवं अनुश्रवण समिति की बैठक सम्पन्न

बैठक में निर्देश देते जिलाधिकारी शुभ्रांत कुमार शुक्ल

करंट विज़न संवाददाता

इटावा। जिलाधिकारी शुभ्रांत कुमार शुक्ल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला शिक्षण एवं अनुश्रवण समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने बेसिक शिक्षा विभाग के अंतर्गत संचालित विभिन्न योजनाओं की समीक्षा की गई। विद्यालयों में फर्नीचर एवं अन्य सामग्री के क्रय तथा भुगतान पर जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी सामग्री की खरीद से पूर्व उसकी गुणवत्ता एवं मानकों की विधिवत जांच सुनिश्चित की जाए। यदि किसी सामग्री की गुणवत्ता खराब है तो उसका भुगतान न किया जाए। मध्यान्ह भोजन योजना की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि रसोइयों के मानदेय अथवा अन्य देयकों का कोई भुगतान लंबित नहीं रहना चाहिए। बैठक में अवगत कराया गया कि मध्यान्ह भोजन योजना के अंतर्गत छात्रों की कुल उपस्थिति 77.06 प्रतिशत है। जिलाधिकारी ने कहा कि छात्र उपस्थिति के आंकड़ों में किसी भी प्रकार का फर्जीवाड़ा अथवा गलत फीडिंग न हो तथा वास्तविक उपस्थिति के आधार पर ही विवरण दर्ज किया जाए। ब्लॉकवार पासआउट विद्यार्थियों के एनालिटिक्स की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने ड्रॉपआउट रोकने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने बेसिक शिक्षा अधिकारी से कहा कि बड़ी संख्या में पासआउट हुए बच्चों में से कितने बच्चों ने आगे प्रवेश लिया और कितने बच्चे विद्यालय से बाहर हैं, इसकी वास्तविक जानकारी प्राप्त की जाए। इसके लिए जिला विद्यालय निरीक्षक एवं विद्यालय से संपर्क कर बच्चों के प्रवेश की स्थिति की जानकारी ली जाए। जिलाधिकारी ने कहा कि यदि 1,484 विद्यालयों में निपुण आकलन निर्धारित समय पर नहीं हुआ है तो संबंधित प्रधानाध्यापक की जिम्मेदारी तय की जाए। जिन विद्यालयों में आकलन नहीं कराया गया, उनसे स्पष्टीकरण प्राप्त किया जाए। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि विद्यालयों में शिक्षकों एवं विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित की जाए तथा अनुपस्थिति के कारणों की समीक्षा कर आवश्यक कार्रवाई की जाए। जिलाधिकारी ने कहा कि शिक्षा विभाग से जुड़े सभी अधिकारी अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करें। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी संजय कुमार सिंह, बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ राजेश कुमार, कार्यक्रम अधिकारी लक्ष्मीकांत त्रिपाठी, डीपीआरओ रोहित कुमार, समस्त खंड शिक्षा अधिकारी सहित संबंधित विभाग अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थिति रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *