सैफई में तहसील समाधान दिवस का आयोजन, डीएम, एसएसपी ने सुनीं शिकायतें

 समाधान दिवस में शिकायतें सुनते डीएम, एसएसपी

करंट विज़न संवाददाता

इटावा। जिलाधिकारी शुभ्रान्त कुमार शुक्ल एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ब्रजेश कुमार श्रीवास्तव की अध्यक्षता में तहसील सैफई में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया।जिलाधिकारी ने प्राप्त शिकायतों को निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि अधिकारी सम्बंधित कर्मचारियों के साथ मौके पर जाकर शिकायतकर्ता का पक्ष सुनते हुए उसका निस्तारण करना सुनिश्चित करें। सम्पूर्ण समाधान दिवस में उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिये कि प्रकरणों की गंभीरता से जांच की जाये साथ ही जबाबदेह लोगों के विरूद्ध कार्यवाही की जाये। तहसील सैफई में विभिन्न संदर्भों से संबंधित कुल 22 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुये, जिसमें मौके पर 2 शिकायतों का निस्तारण किया गया शेष संबंधित अधिकारियों को प्राप्त कराकर जल्द निस्तारण के निर्देश दिए। समाधान दिवस में सबसे अधिक जमीन से संबंधित शिकायत प्राप्त हुई। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि एक सप्ताह से अधिक समय से लंबित प्रकरणों के निस्तारण में विलम्ब के कारण का भी उल्लेख किया जाये, साथ ही सभी प्रकरणों को अनिवार्य रूप से एक सप्ताह के भीतर निस्तारित करा दिया जाये। संपूर्ण समाधान दिवस में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ब्रजेश कुमार श्रीवास्तव ने पुलिस विभाग से संबंधित मामलों की सुनवाई की। उन्होंने थानाध्यक्षों को निर्देश दिये कि प्रत्येक मामले में मौके पर जाकर कार्यवाही की जाये। उक्त अवसर पर आईएएस कोमल पुनिया, उप जिलाधिकारी सैफई, तहसीलदार सहित अन्य समस्त जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *