राखी बंधवाते सपा प्रमुख अखिलेश यादव
करंट विज़न संवाददाता
इटावा। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा देश में एक ही संकट है और वह भारतीय जनता पार्टी। भाजपा हटेगी तो सभी संकट खत्म हो जाएंगे। भाजपा सरकार सिर्फ भेदभाव और नफरत फैलाने का काम कर रही है।अखिलेश यादव रक्षाबंधन पर अपने परिवार के साथ सैफई पहुंचे। पार्टी कार्यालय पर सैकड़ों महिला कार्यकर्ताओं और सैफई की महिलाओं और बच्चियों से राखी बंधवाई। अखिलेश यादव ने कहा भाजपा सरकार में किसानों को खाद नहीं मिल रही, फसलों की लागत लगातार बढ़ रही है। किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य नहीं मिल रहा। मक्का, आलू और दूध उत्पादन करने वाले किसान घाटे में है। सरकार जिस तरह बड़ी कंपनियों के साथ समझौते कर रही है उससे छोटे और गरीब किसानों के सामने खेती बचाए रखने का संकट खड़ा हो सकता है। सपा प्रमुख ने चीनी, पेट्रोल-डीजल और रोजमर्रा की वस्तुओं की बढ़ती कीमतों को लेकर कहा चीनी की कीमत बढ़ने और इथेनॉल नीति से होने वाले लाभ का फायदा किसे मिल रहा है। महंगाई से होने वाला मुनाफा उद्योगपतियों को मिल रहा है। कहीं चुनावी चंदे के लिए तो महंगाई नहीं बढ़ाई जा रही है। महंगाई के कारण त्योहारों के दौरान बाजारों में पहले जैसी रौनक नहीं रही और आम लोगों की खरीदारी प्रभावित हुई है। अखिलेश यादव ने इटावा की लायन सफारी, स्टेडियम, एक्वेटिक सेंटर, कैफे और अन्य विकास कार्यों को बर्बाद करने का आरोप लगाया। अखिलेश यादव ने कहा कि नए स्कूलों और बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर की जरूरत है, लेकिन पहले से शुरू किए गए कामों को भी बर्बाद कर दिया गया। भाजपा सरकार शिक्षा को बढ़ावा नहीं देना चाहती, क्योंकि शिक्षित व्यक्ति तर्क करेगा और सरकार से सवाल पूछेगा। जो सवाल से घबराता है, वह लोकतंत्र को कमजोर करता है और संविधान के लिए खतरा पैदा करता है। इस अवसर पर सांसद प्रो. रामगोपाल यादव भी मौजूद रहे और महिलाओं से राखी बंधवाई।
