बैठक में योजनाओं की समीक्षा करते डीएम शुभ्रान्त कुमार शुक्ल
करंट विज़न संवाददाता
इटावा। जिलाधिकारी शुभ्रान्त कुमार शुक्ल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में वित्तीय समावेशन एवं शत-प्रतिशत संतृप्ति अभियान 2026-27 तथा एमएसएमई ऋण योजनाओं की प्रगति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में बताया गया कि राष्ट्रीय वित्तीय समावेशन एवं संतृप्ति अभियान 21 अक्टूबर 2026 से 31 दिसंबर 2026 तक संचालित किया जाएगा। अभियान के अंतर्गत प्रत्येक ग्राम पंचायत एवं शहरी स्थानीय निकाय में वित्तीय समावेशन से संबंधित प्रमुख योजनाओं की शत-प्रतिशत संतृप्ति सुनिश्चित करने के लिए विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे। जिलाधिकारी ने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाना सभी बैंकों की जिम्मेदारी है। बैठक में मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान, एक जनपद एक उत्पाद वित्त पोषण योजना, एक जनपद एक व्यंजन योजना तथा मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना की बैंकवार प्रगति की समीक्षा की गई। मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के अंतर्गत जनपद का वार्षिक लक्ष्य 1,700 निर्धारित है। उपलब्ध समीक्षा रिपोर्ट के अनुसार अब तक 574 आवेदन स्वीकृत एवं 574 ऋण वितरित किए गए हैं, जबकि विभिन्न बैंक शाखाओं में 366 आवेदन लंबित हैं। डीएम ने योजना की प्रगति में तेजी लाने तथा पात्र आवेदकों को समयबद्ध तरीके से ऋण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। डीएम ने संबंधित बैंक अधिकारियों को लंबित आवेदनों की समीक्षा कर पात्र लाभार्थियों को ऋण उपलब्ध कराने तथा योजना के निर्धारित लक्ष्यों को प्राप्त करने के निर्देश दिए। एक जनपद एक उत्पाद वित्त पोषण योजना के अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए 42 का भौतिक लक्ष्य तथा 168 लाख का वित्तीय लक्ष्य निर्धारित किया गया है। समीक्षा रिपोर्ट के अनुसार बैंकों को भेजे गए आवेदनों में 21 ऋण वितरित किए गए हैं, 51 आवेदन निरस्त किए गए हैं तथा 28 आवेदन लंबित हैं। मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना के अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए 173 लाख का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। समीक्षा रिपोर्ट के अनुसार अब तक 75.66 लाख का ऋण वितरित किया जा चुका है। योजना के अंतर्गत बैंकों को भेजे गए 166 आवेदनों में से 29 पर ऋण वितरण किया गया है, 61 आवेदन निरस्त किए गए हैं तथा 76 आवेदन लंबित हैं।बैठक में मुख्य विकास अधिकारी संजय कुमार सिंह, उपायुक्त उद्योग आत्मदेव शर्मा, एलडीएम सतीश कुमार, समस्त बैंक के प्रतिनिधि सहित संबंधित विभाग अधिकारी उपस्थिति रहे।
