बैठक में निर्देश देते जिलाधिकारी शुभ्रान्त कुमार शुक्ल
करंट विज़न संवाददाता
इटावा। जिलाधिकारी शुभ्रान्त कुमार शुक्ल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान एवं दस्तक अभियान की तैयारियों के संबंध में बैठक आयोजित हुई। विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान एक अक्टूबर से 31 अक्टूबर तक तथा दस्तक अभियान 12 अक्टूबर से 31 अक्टूबर तक संचालित किया जाएगा। जिलाधिकारी ने कहा कि अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित कर संचारी रोगों की रोकथाम की जा सकती है। सभी विभाग आपसी समन्वय एवं पूरी गंभीरता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। उन्होंने सभी एमओआईसी को निर्देश दिए कि अपने-अपने क्षेत्रों में स्वास्थ्य केंद्रों पर चिकित्सकों एवं आवश्यक पैरामेडिकल स्टाफ की उपलब्धता सुनिश्चित करें। संबंधित स्वास्थ्य केंद्रों पर उपलब्ध सेवाओं एवं निर्धारित पैरामीटरों की समीक्षा करते हुए यह सुनिश्चित किया जाए कि मरीजों को आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं समय से प्राप्त हों। जिलाधिकारी ने कहा कि जिन ग्रामीण क्षेत्रों में पिछले वर्षों में संचारी रोगों का आउटब्रेक हुआ है, ऐसे संवेदनशील क्षेत्रों को चिन्हित कर विशेष प्राथमिकता दी जाए। डीपीआरओ से कहा इन क्षेत्रों में विशेष टीम लगाकर सघन साफ सफाई, नालियों की सफाई, जलभराव की समस्या का निस्तारण तथा कूड़ा-कचरे की सफाई सुनिश्चित कराएं। जिलाधिकारी ने जिला पंचायत राज अधिकारी को निर्देशित किया कि ग्रामीण क्षेत्रों में ग्राम पंचायत स्तर पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाए। जिलाधिकारी ने कृषि विभाग को निर्देश दिए कि ग्रामीण क्षेत्रों में किसानों को संचारी रोगों से बचाव के साथ-साथ खेतों एवं आसपास के क्षेत्रों में अनावश्यक जलभराव न होने देने के संबंध में जागरूक किया जाए। बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी बीके सिंह, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक महिला अनिल कुमार, जिला कार्यक्रम अधिकारी लक्ष्मीकांत त्रिपाठी, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद सन्तोष कुमार मिश्रा, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका जसवन्तनगर श्याम वचन सरोज, समस्त खंड विकास अधिकारी, समस्त एमओआईसी सहित संबंधित विभाग के अधिकारीगण उपस्थित रहे।
