जिलाध्यक्ष व्यापार मंडल आलोक दीक्षित
करंट विज़न संवाददाता
इटावा। उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के जिला अध्यक्ष आलोक दीक्षित द्वारा उद्योग, व्यापार के विकास और जीएसटी अधिकारियों द्वारा अवैध रूप से गिरफ्तारी, माल जब्ती की घटनाओं को रोकने के लिए जीएसटी अधिनियम की धारा 129 एवं 130 को संशोधित करने हेतु वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को दिये ज्ञापन पर हुए निर्णय पर आभार जताया। जीएसटी काउंसिल द्वारा जीएसटी पंजीकरण की प्रक्रिया को और सरल करने, व्यापारियों के मूल विवरण जैसे ट्रेड नेम, पता, पार्टनर एवं डायरेक्टर आदि में संशोधन को बिना मानवीय हस्तक्षेप के स्वचालित रूप से स्वीकृति देने, रिटर्न एवं रिफंड की प्रक्रिया को सरल एवं तेज करने तथा रिफंड के लिए 10 दिन में एक्नॉलेजमेंट और 90 प्रतिशत प्रोविजनल रिफंड तीन कार्य दिवस में दिए जाने का निर्णय भी व्यापार एवं उद्योग के लिए महत्वपूर्ण राहत है। आलोक दीक्षित ने कहा जीएसटी निर्णयों से व्यापार और उद्योग को बड़ी राहत मिलेगी। उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के जिला अध्यक्ष आलोक दीक्षित ने जीएसटी कॉन्सिल के निर्णयों का उद्यमी, व्यापारी समुदाय की ओर से स्वागत और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का आभार प्रकट करते हुए विकसित भारत अभियान में सहयोग का संकल्प व्यक्त किया है।
