जिलाधिकारी ने पीईटी परीक्षा को नकलविहीन संपन्न कराने के दिए निर्देश

बैठक में निर्देश देते जिलाधिकारी शुभ्रांत कुमार शुक्ल

करंट विज़न संवाददाता

इटावा। जिलाधिकारी शुभ्रांत कुमार शुक्ल की अध्यक्षता में विकास भवन स्थित प्रेरणा सभागार में उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा आयोजित की जाने वाली प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी) परीक्षा को सकुशल, निष्पक्ष एवं नकलविहीन संपन्न कराने के संबंध में बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को परीक्षा की तैयारियां समय से पूर्ण करने तथा परीक्षार्थियों की सुविधा, सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने अधिशासी अधिकारी नगर पालिका एवं उप जिलाधिकारी सदर को निर्देशित किया कि परीक्षा में सम्मिलित होने वाले अभ्यर्थियों के साथ उनके अभिभावकों के भी जनपद में आने की संभावना को देखते हुए सभी रैन बसेरों की साफ-सफाई एवं आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं, ताकि अभिभावक वहां सुविधापूर्वक ठहर सकें। रैन बसेरों की सूची रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड एवं शहर के प्रमुख चौराहों पर चस्पा कराई जाए, जिससे बाहर से आने वाले अभ्यर्थियों एवं उनके अभिभावकों को ठहरने के लिए उचित स्थान खोजने में परेशानी न हो। जिलाधिकारी ने सभी केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देश दिए कि परीक्षा केंद्रों के आसपास पर्याप्त साइन बोर्ड लगाए जाएं तथा सभी परीक्षा केंद्रों की लोकेशन केंद्र के नाम सहित गूगल मैप पर साझा की जाए, जिससे परीक्षार्थियों को अपने परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में आसानी हो। जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद में कुल 22 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा तीन तिथियों 25 अक्टूबर, 30 अक्टूबर एवं एक नवंबर को दो पालियों में आयोजित की जाएगी। प्रत्येक पाली में 10,200 अभ्यर्थी तथा सभी छह पालियों में कुल 61,200 अभ्यर्थी परीक्षा में सम्मिलित होंगे। उन्होंने बताया कि प्रथम पाली में परीक्षा का समय प्रातः 10 बजे से दोपहर 12:05 बजे तक तथा द्वितीय पाली में अपराह्न 3 बजे से सायं 5:05 बजे तक निर्धारित है। प्रथम पाली के लिए परीक्षा केंद्रों पर प्रातः 8 बजे से प्रवेश प्रारंभ होगा तथा प्रातः 9:30 बजे तक ही प्रवेश दिया जाएगा। इसी प्रकार द्वितीय पाली के लिए अपराह्न एक बजे से प्रवेश प्रारंभ होगा तथा अपराह्न 2:30 बजे तक ही प्रवेश दिया जाएगा। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि परीक्षा केंद्र के अंदर किसी भी प्रकार का प्रतिबंधित इलेक्ट्रॉनिक उपकरण या डिवाइस नहीं होना चाहिए। परीक्षा को पूर्णतः नकलविहीन एवं पारदर्शी तरीके से संपन्न कराया जाए। सभी सेक्टर मजिस्ट्रेट परीक्षा तिथि से एक दिन पूर्व अपने-अपने परीक्षा केंद्रों का भ्रमण कर आवश्यक व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर लें, ताकि परीक्षा के दिन किसी प्रकार की समस्या उत्पन्न न हो। उन्होंने निर्देश दिए कि परीक्षा प्रारंभ होने से 35 मिनट पूर्व प्रश्नपत्रों के गोपनीय पैकेट केवल सीसीटीवी कैमरों एवं वीडियोग्राफी की निगरानी में ही खोले जाएं। बैठक में अपर जिलाधिकारी बिपिन कुमार, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, वरिष्ठ कोषाधिकारी डोगरा शक्ति, समस्त उप जिलाधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक अतुल सिंह तथा सभी नामित सेक्टर एवं स्टैटिक मजिस्ट्रेट सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *