शिक्षक को सम्मानित करते डीएम
करंट विज़न संवाददाता
इटावा। शिक्षक दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी शुभ्रान्त कुमार शुक्ल ने कलेक्ट्रेट स्थित अपने कार्यालय कक्ष में उत्कृष्ट एवं सराहनीय कार्य करने वाले शिक्षकों को सम्मानित किया। इस दौरान जिलाधिकारी शुभ्रांत कुमार शुक्ल ने शिक्षकों को बधाई देते हुए कहा कि शिक्षक राष्ट्र के निर्माता हैं जो नई पीढ़ी के चरित्र निर्माण और उन्हें सही दिशा देने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने सभी अध्यापकों को पूर्ण निष्ठा, लगन और नवाचार के साथ पठन-पाठन कार्य करने और बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयासरत रहने का निर्देश दिया। डीएम शुभ्रान्त कुमार शुक्ल ने कहा कि बदलते समय के साथ शिक्षण पद्धतियों में भी बदलाव जरूरी है। शिक्षक नए प्रयोग और नवाचार के माध्यम से विद्यार्थियों में सीखने की रुचि विकसित करें। उन्होंने उम्मीद जताई कि शिक्षक अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी ईमानदारी से करते हुए विद्यालयों में ऐसा वातावरण तैयार करेंगे, जिससे बच्चे शिक्षा के साथ संस्कार और जिम्मेदारी का भाव भी ग्रहण कर सकें। सम्मान प्राप्त करने वाले शिक्षकों ने जिलाधिकारी के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस तरह का सम्मान उन्हें शिक्षा के क्षेत्र में और बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित करता है। कार्यक्रम के दौरान शिक्षकों ने विद्यार्थियों की शैक्षिक गुणवत्ता बढ़ाने और उन्हें बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास करने का संकल्प लिया।
