प्रशासनिक पदों पर तैनात छात्राओं के साथ जिलाधिकारी
करंट विज़न संवाददाता
इटावा। महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान, स्वावलंबन और सशक्तीकरण के उद्देश्य से संचालित मिशन शक्ति के अंतर्गत कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय नगर क्षेत्र की छात्राओं को प्रशासनिक नेतृत्व एवं कार्यप्रणाली से परिचित कराने के उद्देश्य से एक दिन के लिए महत्वपूर्ण प्रशासनिक पदों का दायित्व सौंपा गया। इस क्रम में कक्षा 7 की छात्रा वर्तिका सिंह को एक दिन का जिलाधिकारी, कक्षा 7 की छात्रा खुशी को एक दिन का मुख्य विकास अधिकारी तथा कक्षा 8 की छात्रा काजल को एक दिन का जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी बनाया गया। तीनों छात्राओं को इन महत्वपूर्ण पदों पर कार्य करने का अवसर प्रदान कर उनके आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता एवं निर्णय लेने की योग्यता को प्रोत्साहित किया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी शुभ्रांत कुमार शुक्ल ने कहा कि बालिकाओं में प्रतिभा, नेतृत्व क्षमता और आगे बढ़ने की अपार संभावनाएं हैं। आवश्यकता केवल उन्हें उचित अवसर, मार्गदर्शन और प्रोत्साहन देने की है। उन्होंने कहा कि मिशन शक्ति का उद्देश्य बालिकाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के साथ-साथ उन्हें आत्मनिर्भर, आत्मविश्वासी एवं अपने अधिकारों के प्रति जागरूक बनाना है। ऐसे प्रयासों से बालिकाओं के मन में बड़े लक्ष्य निर्धारित करने और उन्हें प्राप्त करने का विश्वास मजबूत होता है। एक दिन का प्रशासनिक दायित्व मिलने पर छात्राओं के चेहरे पर उत्साह, खुशी और आत्मविश्वास दिखाई दिया। छात्राओं ने इस अवसर को अपने लिए गौरवपूर्ण एवं प्रेरणादायक बताते हुए कहा कि जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी जैसे महत्वपूर्ण पदों पर कार्य करने का अनुभव उनके लिए एक नया अवसर है। मिशन शक्ति के अंतर्गत आयोजित यह पहल बालिकाओं को केवल उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने तक सीमित नहीं है, बल्कि उनमें नेतृत्व, आत्मनिर्भरता और निर्णय क्षमता विकसित करने की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम है।
