यूपीयूएमएस के डेंगू वार्ड का निरीक्षण करते कुलपति डा. अजय सिंह
करंट विज़न संवाददाता
इटावा। उत्तर प्रदेश आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय सैफई के कुलपति प्रो. डॉ. अजय सिंह ने विश्वविद्यालय के डेंगू वार्ड का औचक निरीक्षण कर मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही चिकित्सा सुविधाओं एवं वार्ड की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान कुलपति ने वार्ड में साफ-सफाई, चिकित्सकों की उपलब्धता, दवाओं की स्थिति एवं मरीजों को प्रदान की जा रही स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी प्राप्त की तथा संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। कुलपति ने डेंगू वार्ड में स्वच्छता एवं साफ-सफाई की व्यवस्था का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने वार्ड, मरीजों के आसपास के क्षेत्र तथा अन्य संबंधित स्थानों पर स्वच्छता व्यवस्था को देखा और निर्देश दिए कि मरीजों को स्वच्छ एवं संक्रमणमुक्त वातावरण उपलब्ध कराने के लिए साफ-सफाई की व्यवस्था नियमित एवं प्रभावी रूप से सुनिश्चित की जाए।कुलपति ने वार्ड में चिकित्सकों एवं पैरामेडिकल स्टाफ की उपलब्धता की भी जानकारी ली और वार्ड में भर्ती मरीजों से भी संवाद किया और उनके स्वास्थ्य, उपचार एवं उन्हें मिल रही चिकित्सा सुविधाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने मरीजों एवं उनके तीमारदारों की समस्याओं को गंभीरता से सुना तथा संबंधित चिकित्सकों एवं अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। कुलपति ने डेंगू के उपचार में उपयोग होने वाली आवश्यक दवाओं एवं अन्य चिकित्सा सामग्री की उपलब्धता की भी जानकारी ली। कुलपति डॉ. अजय सिंह ने कहा कि विश्वविद्यालय में मरीजों को सुरक्षित, स्वच्छ, सुलभ एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता है।
