सेवा संकल्प अभियान के तहत 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर तक होंगे विभिन्न कार्यक्रम

बैठक में सेवा संकल्प अभियान की समीक्षा करते सीडीओ

करंट विज़न संवाददाता

इटावा। मुख्य विकास अधिकारी संजय कुमार सिंह की अध्यक्षता में विकास भवन स्थित वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कक्ष में सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों के संबंध में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निरंतर 25 वर्षों की सार्वजनिक सेवा एवं जनकल्याणकारी कार्यों की जानकारी आमजन तक पहुंचाने के साथ ही नागरिकों को ‘विकसित भारत 2047’ के सामूहिक संकल्प से जोड़ना है। अभियान के लिए केंद्र सरकार की पिछले 12 वर्षों तथा राज्य सरकार की पिछले 10 वर्षों की प्रमुख योजनाओं एवं उपलब्धियों का विधानसभा, विकासखंड एवं ग्राम पंचायतवार डाटा बैंक तैयार किया जाएगा। इसमें योजनाओं के लाभार्थियों की सूची के साथ-साथ पूर्व एवं वर्तमान स्थिति के फोटो, वीडियो, ड्रोन फुटेज एवं रील्स को भी शामिल किया जाएगा। इसकी नियमित जानकारी पोर्टल पर अपलोड की जाएगी। 17 सितंबर को शाम 7 बजे ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसमें लाभार्थियों एवं आमजन द्वारा दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे और 25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत बच्चों एवं युवाओं की सहभागिता से चित्रकला, भाषण प्रतियोगिता, प्रदर्शनी तथा बौद्धिक एवं युवा संवाद जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उत्कृष्ट प्रतिभागियों को सम्मानित भी किया जाएगा। नमो सेवा गाथा’ में नुक्कड़ नाटकों एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं उपलब्धियों की जानकारी आमजन तक पहुंचाई जाएगी। ग्राम पंचायतों, सामुदायिक केंद्रों, विद्यालयों एवं अन्य सार्वजनिक स्थलों पर कार्यक्रम आयोजित होंगे। 2 अक्टूबर को इसका विशेष आयोजन किया जाएगा। मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि अभियान की सफलता के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें। निर्धारित कार्यक्रमों की तैयारियां, लाभार्थियों का डाटा, प्रचार-प्रसार सामग्री एवं मीडिया कवरेज की व्यवस्था समय से पूर्ण की जाए। बैठक में नगर मजिस्ट्रेट राजेन्द्र बहादुर, उप कृषि निदेशक सतीश कुमार पांडेय, उपायुक्त उद्योग आत्मदेव शर्मा, जिला विकास अधिकारी राकेश प्रसाद, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी रमेश चन्द्र, जिला प्रोबेशन अधिकारी विनय कुमार, बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ राजेश कुमार, जिला कार्यक्रम अधिकारी लक्ष्मीकांत त्रिपाठी सहित संबंधित विभाग अधिकारीगण उपस्थिति रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *