सेंट मेरी की की छात्रा श्राव्या तिवारी ने राष्ट्रीय शूटिंग चैंपियनशिप के लिए क्वालीफाई किया

 इटावा की निशानेबाज श्राव्या तिवारी

करंट विज़न संवाददाता

इटावा। सेंट मैरी इंटर स्कूल की छात्रा श्राव्या तिवारी ने निशानेबाजी के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि हासिल की है। भोपाल स्थित एमपी शूटिंग एकेडमी में आयोजित ऑल इंडिया के एस एस इंटर स्कूल शूटिंग चैंपियनशिप में श्राव्या ने 10 मीटर एयर राइफल पीप साइट इवेंट में शानदार प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय शूटिंग चैंपियनशिप के लिए क्वालीफाई किया। श्राव्या दिसंबर में होने वाली राष्ट्रीय शूटिंग चैंपियनशिप में हिस्सा लेंगी। वह कुनैरा स्थित एससीए शूटिंग एकेडमी में अपने पिता और कोच चंद्रमोहन तिवारी के मार्गदर्शन में नियमित अभ्यास करती हैं। चंद्रमोहन तिवारी ने बताया कि शूटिंग प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने की न्यूनतम आयु 10 वर्ष निर्धारित है। श्राव्या ने इसी उम्र में अपने पहले ऑल इंडिया स्तर के प्रयास में राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए क्वालीफाई कर अपनी प्रतिभा साबित की है। श्राव्या नियमित रूप से कड़ी मेहनत और अनुशासन के साथ अभ्यास करती हैं। पिता और कोच के रूप में वह श्राव्या की शूटिंग तकनीक, मानसिक मजबूती और प्रदर्शन में सुधार के लिए लगातार काम कर रहे हैं। उनका लक्ष्य है कि श्राव्या भविष्य में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में देश का प्रतिनिधित्व करते हुए पदक जीतें। श्राव्या की उपलब्धि पर शूटिंग एकेडमी कुनैरा परिवार, सेंट मैरी इंटर स्कूल, परिजनों और क्षेत्र के खेलप्रेमियों ने खुशी जताई है। सभी ने उन्हें आगामी राष्ट्रीय शूटिंग चैंपियनशिप के लिए शुभकामनाएं दीं। परिजनों और प्रशिक्षकों को उम्मीद है कि श्राव्या राष्ट्रीय मंच पर भी शानदार प्रदर्शन कर पदक जीतेंगी और इटावा के साथ उत्तर प्रदेश का नाम रोशन करेंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *