सड़क हादसों पर लगाम लगाने की कवायद तेज, DM-SSP ने दिए सख्त निर्देश

करंट विज़न संवाददाता

इमरान खान

इटावा, 21 सितंबर 2026। जनपद में सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने एवं आमजन को सुरक्षित यातायात व्यवस्था उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की संयुक्त अध्यक्षता जिलाधिकारी इटावा श्री शुभ्रान्त कुमार शुक्ल एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक इटावा श्री बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने की।
बैठक में जनपद के दुर्घटना संभावित ब्लैक स्पॉट, सड़क सुरक्षा अधोसंरचना, स्पीड लिमिट बोर्ड, रोड मार्किंग, जेब्रा क्रॉसिंग, रिफ्लेक्टर, स्ट्रीट लाइट एवं दिशा-सूचक संकेतकों की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की गई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने यातायात पुलिस एवं थाना पुलिस को संयुक्त रूप से प्रभावी अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने ओवरस्पीडिंग, शराब के नशे में वाहन चलाने, बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग, गलत दिशा में वाहन चलाने तथा ओवरलोडिंग जैसे यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को सड़क सुरक्षा से जुड़े कार्यों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा कराने के निर्देश दिए। साथ ही विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं सार्वजनिक स्थलों पर नियमित रूप से सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के प्रति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कराने पर जोर दिया।
बैठक में लोक निर्माण विभाग, राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण, परिवहन विभाग, नगर निकाय एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए दुर्घटना संभावित स्थानों पर त्वरित सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
प्रशासन एवं पुलिस द्वारा सुरक्षित सड़कें, व्यवस्थित यातायात व्यवस्था तथा सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए प्रवर्तन एवं जागरूकता दोनों स्तरों पर कार्रवाई तेज करने पर जोर दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *